औरैया। जिले भर में अमन और चैन के साथ ईद का त्योहार मनाया गया। इस दौरान मुस्लिम भाइयों ने एक-दूसरे के गले मिलकर बधाई दी। वहीं जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी समेत अन्य आला अधिकारियों ने जमालशाह स्थित ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम समुदाय के लोगों को ईद पर्व की बधाई दी। विभिन्न राजनीतिक दलों के लोगों ने भी ईदगाह पहुंचकर मुस्लिम समुदाय के लोगों को पर्व की बधाई दी।
शहर में ईद उल फितर का पर्व बड़ी शिद्दत से मनाया गया। जमालशाह स्थित ईदगाह में सुबह मुस्लिम समाज के लोगों ने नमाज अदा कर देश और खुद की तरक्की की दुआ मांगी। नमाज के बाद ईदगाह पर मौजूद पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री रामजी शुक्ला, सपा जिलाध्यक्ष राजवीर यादव, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि लालजी शुक्ला, प्रसपा नेता अनूप गुप्ता समेत अन्य राजनीतिक दलों के लोगों ने मुस्लिम समुदाय के लोगों के गले मिलकर ईद की बधाई दी।
इस दौरान नगर पालिकाध्यक्ष गायत्री देवी, डीएम पीसी श्रीवास्तव, एसपी अभिषेक वर्मा, एडीएम रेखा एस चौहान, एएसपी शिष्यपाल, ईओ पालिका परिषद बलवीर सिंह आदि अधिकारियों व जनप्रतिनिधियों ने मुस्लिम समुदाय के लोगों को ईद पर्व की बधाई दी।
बिधूना में मंगलवार की सुबह नगर व क्षेत्र की ईदगाहों पर एकत्रित होकर मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा की। नगर में चंदरपुर रोड़ व आंबेडकर नगर स्थित ईदगाहों के अलावा कुदरकोट, रूरूगंज, एरवाकटरा, पुर्वा रावत, पुर्वा मके, सराय शीशग्रान, सबहद, याकूबपुर, उमरैन आदि में ईदगाहों पर एकत्रित होकर मुसलमानों ने नमाज अदा की।
इस दौरान एसडीएम लवगीत कौर, सीओ महेंद्र प्रताप सिंह, खंड विकास अधिकारी जितेंद्र यादव, कोतवाल सुजीत वर्मा, थानाध्यक्ष राम सहाय पटेल, जीवाराम यादव, राकेश शर्मा ने अलग-अलग क्षेत्रों में भ्रमण किया। नगर पंचायत बिधूना के चेयरमैन अमित कुमार बाथम लल्तू आदि लोग मौजूद रहे। अजीतमल में फिरोज नगर बाबरपुर इस्लाम नगर स्थित ईदगाह समेत अनंतराम, सोनासी ईदगाहों पर हाजी मौलाना अब्दुल करीम ने ईद उल फितर की नमाज अदा कराई।
फफूंद कस्बे की बाईपास स्थित ईदगाह में सैयद नवाज अख्तर चिश्ती ने हजारों लोगों को नमाज अदा कराई। सुबह साढ़े सात बजे ही कस्बे की ही बाबा का पुरवा मस्जिद में मौलाना कारी राशिद जमई ने नमाजियों को ईद की नमाज अदा कराई। साढ़े आठ बजे आस्ताना आलिया समदिया में सैयद मंजर मियां चिश्ती ने ईद की नमाज अदा कराई।
नमाज के बाद मुल्क में अमन चैन व खुशहाली की दुआएं की गईं। नमाज अदा करने के बाद मुस्लिम समुदाय के चेहरे खुशी से खिल उठे। वहीं बच्चों ने भी ईदगाह पहुंचकर वहां लगे मेले में खिलौने खरीदे और झूलों का लुत्फ उठाते हुए ईद की खुशी मनाई। नगर पंचायत द्वारा कस्बे की गलियों और मस्जिदों के पास साफ-सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखी गई, वहीं प्रभारी निरीक्षक ललिता कुमारी फोर्स के साथ सुरक्षा व्यवस्था में मुस्तैद रहीं।
अछल्दा क्षेत्र में सराय बाजार, पुराना अछल्दा, रामपुर, नगरिया, छछूंद आदि में ईदगाहों पर एकत्रित होकर मुस्लिम भाइयों ने नमाज अदा की। इस मौके पर नगर अध्यक्ष राजेश पोरवाल, जमील अहमद, लालमन, मो. सगीर, फिरोज खान, अबताव, रिजवान, शाहरुख खान, सद्दाम हुसैन, अफजल, इरशाद आदि मौजूद रहे। इस मौके पर थाना प्रभारी राकेश कुमार शर्मा, पुलिस बल के साथ मौजूद रहकर शांति व्यवस्था पर नजर रखी।
उधर, उमरैन, बरौना कला, पखनगोई ईदगाह में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने नमाज अदा की। इसके बाद एक-दूसरे के गले मिलकर बधाई दी।