मुरादगंज। कई स्थानों पर बारिश का पानी भरे रहने से कस्बा मुरादगंज टापू में बदल गया है। सड़कों पर बने गड्ढों में पानी भरा होने से आए दिन लोग उसमें गिरकर घायल हो रहे हैं। यही नहीं कई दिनों तक पानी भरा रहने से लोगों को बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है।
मुरादगंज चौकी के सामने सड़क पर जलभराव है। यहां एक बड़ा गड्ढ़ा होने के कारण अनहोनी की आशंका बनी हुई है। यही नहीं कस्बे के मुख्य चौराहे के आस-पास सड़क जर्जर हालत में हैं। वहीं कई स्थानों पर बड़े-बड़े गड्ढ़े भी हैं। इनमें पानी भरा हुआ है। बरसात का पानी नालों में न जाकर सड़कों पर भर रहा है। सब्जी बाजार जाने वाले मार्ग पर जलभराव होने से सबसे अधिक परेशानी इस मार्ग पर आवागमन करने वालों को हो रही है।
सड़क किनारे नालों के ऊपर दुकानदारों ने अतिक्रमण कर रखा है। पक्का निर्माण होने से बरसात का पानी नाले व नालियों में न जाकर सड़क पर भरा रहता है। इस कारण राहगीरों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। कस्बे के लोगों ने बताया कि बरसात का पानी कई दिनों तक भरे रहने से उनमें मच्छर पनपने लगे हैं। जिसके चलते बीमारियां फैलने की आशंका बनी हुई है।