फोटो-44- आरोपी के घर के बाहर मुनादी करते कोतवाल राजकुमार सिंह व मौजूद फोर्स। स्रोत पुलिस
औरैया। शहर के नगर पालिका इंटर कॉलेज परिसर में संविदा पंप ऑपरेटर किशन गुप्ता (23) की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने फरार आरोपी हिमांशु गुप्ता के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। हिमांशु, नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता का भतीजा है।
पुलिस की जांच में आरोपी का नाम साक्ष्य मिटाने में सामने आया था। कोर्ट की ओर से गैर-जमानती वारंट जारी होने के बावजूद जब आरोपी न तो कोर्ट में पेश हुआ और न ही पुलिस के सामने आया तो शुक्रवार को कोतवाली पुलिस ने उसके घर के बाहर पहुंचकर मुनादी की और उसे भगोड़ा घोषित करते हुए हाजिर होने के लिए 24 घंटे का समय दिया है।
पुलिस के अनुसार 29 दिसंबर की रात गोविंद नगर निवासी किशन गुप्ता की हत्या नगर पालिका अध्यक्ष अनूप गुप्ता की लाइसेंसी रिवॉल्वर से की गई थी। वारदात को अध्यक्ष के साले के बेटे और चालक ओमजी गुप्ता उर्फ अभिषेक गुप्ता ने अंजाम दिया था। पुलिस ने लाइसेंसी रिवाल्वर एक खोखा व तीन कारतूस बरामद कर आरोपी को जेल भेज दिया था। बिना लिखापढ़ी के हथियार दूसरे को देने के कारण पुलिस ने आर्म्स एक्ट के तहत पालिकाध्यक्ष अनूप गुप्ता का नाम भी विवेचना में शामिल कर जिला प्रशासन को उनका लाइसेंस निरस्त करने की रिपोर्ट भेजी है।
पुलिस जांच के अनुसार मृतक किशन और आरोपी ओमजी बेहद करीबी दोस्त थे और अक्सर साथ बैठते थे। घटना की रात शराब पीने के दौरान दोनों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई, जिसके बाद ओमजी ने किशन के सीने में गोली मार दी।
वारदात के बाद आरोपी शव को जिला अस्पताल में फेंककर भाग गए थे। इसमें हिमांशु भी शामिल बताया गया था। फरवरी में ही किशन की शादी होने वाली थी और वह घटना से ठीक पहले तक शादी के कार्ड बांट रहा था। कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि आरोपी के घर मुनादी कराकर अल्टीमेटम दे दिया गया है।