औरैया। शहर से निकले हाईवे के दयालपुर अंडरपास के पास चल रहा नाला निर्माण लोगों और राहगीरों के लिए आफत बन गया है। बारिश में नाला खोदाई के दौरान निकाली गई मिट्टी को सड़क किनारे ही छोड़ दिया गया है। इससे राहगीर परेशान हैं।
दयालपुर अंडरपास के नीचे से होकर दयालपुर की ओर जाने वाले लोगों और सर्विस रोड से कानपुर की ओर बढ़ने वाले वाहन चालकों को हर दिन संकट से गुजरना पड़ रहा है। खोदाई की मिट्टी के ऊंचे-ऊंचे ढेरों ने आधी सड़क को अपनी जद में ले लिया। इस वजह से कानपुर हाईवे की ओर जाने वाली सड़क पर अक्सर लंबा जाम लग जाता है। कार्यदायी संस्था के ठेकेदार की लापरवाही के खिलाफ जनता में आक्रोश है।
पिछले दो महीनों से सर्विस रोड के किनारे पड़े मिट्टी के इन ढेरों के कारण हल्की बारिश होते ही पूरा सर्विस रोड कीचड़ और जलभराव के दलदल में तब्दील हो जाता है। हफ्तों बीत जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। खास बात तो यह है कि मकानों के सामने से नाला निर्माण के लिए मिट्टी खोदाई होने से खाई की स्थिति बन गई है। ऐसे में बच्चों के गिरने का भी खतरा बना हुआ है। लोगों का आरोप है कि मकानों के आगे गड्ढे खोदकर और वहां की मिट्टी निकालकर ठेकेदार बेचने की फिराक में है।
बोले लोग-मकान गिरने की आशंका
ठेकेदार ने हमारे घरों के ठीक सामने बड़े-बड़े गड्ढे खोद दिए हैं। मकानों के बिल्कुल पास से मिट्टी निकाल ली गई है, इससे अब बरसात में मकानों के ढहने का खतरा पैदा हो गया है। ठेकेदार मिट्टी को ऊंचे दामों पर बेचने की फिराक में है। - दीपू, ब्रह्मनगर
पिछले दो महीने से सर्विस रोड पर मिट्टी का पहाड़ खड़ा है। आए दिन दोपहिया वाहन चालक फिसलकर चोटिल हो रहे हैं। प्रशासन को इस मामले का तुरंत संज्ञान लेकर मिट्टी हटवानी चाहिए।- अनिल कुमार, स्थानीय निवासी
-
ठेकेदार को नाला निर्माण पूरा होने के बाद खोदी गई मिट्टी को किनारे पर भरान करने के लिए कहा गया है। जल्द ही समस्या दूर करा दी जाएगी।-अनूप गुप्ता, पालिकाध्यक्ष
फोटो -6- सर्विस रोड के किनारे लगे मिट्टी के ढेर और नाला के दूसरी ओर मकानों के किनारे हुई खाई। स