फोटो-30- पीड़ित परिवार की समस्या सुनते सांसद जितेंद्र दोहरे। स्रोत: कार्यकर्ता
बिधूना। अछल्दा थाना क्षेत्र के गांव रामपुर में शुक्रवार को चारागाह की जमीन से अवैध कब्जा हटाने के दौरान हुए विवाद के बाद शनिवार को सांसद जितेंद्र दोहरे गांव पहुंचे। वह पीड़ित परिवार से मिले।
इसी दौरान पीड़ित ने लेखपाल पर 25 हजार रुपये लेने के बाद 25 हजार रुपये की और मांग करने का आरोप लगाया। आरोप है कि रुपये न देने पर राजस्व टीम ने उसका निर्माण ध्वस्त कर दिया। सांसद ने पीड़ित को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
बोडेपुर का मजरा रामपुर में शुक्रवार को तहसील प्रशासन ने बुलडोजर से अवैध निर्माण का आरोप लगाते हुए निर्माणाधीन मकान ध्वस्त कर दिया था। इस कार्रवाई से नाराज पीड़ित और पुलिस के बीच झड़प भी हो गई थी। धक्का-मुक्की में पीड़ित रंजीत के बेटे आनंद व उसकी पत्नी सोना देवी मामूली रूप से घायल हो गए थे। दोनों को पुलिस अस्पताल ले गई थी, उपचार के बाद घायलों को घर भेज दिया गया।
शनिवार को इटावा सांसद जितेंद्र दोहरे गांव पहुंचे और पीड़ित परिवार से मिले। पीड़ित ने कहा कि उसने अपनी गरीबी का हवाला दिया। इसके बाद भी निर्माण बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया गया। इसी दौरान ग्रामीणों ने भी सांसद को बताया कि अभी हाल में ही चारागाह की जमीन पर रुपये लेकर निर्माण कराया गया। उस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। सांसद जितेंद्र दोहरे ने पीड़ित को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है।
चारागाह की जमीन पर निर्माण किया गया था, जिस पर कार्रवाई की गई थी। लेखपाल पर लगाए गए आरोप निराधार हैं। -गरिमा सोनकिया, एसडीएम बिधूना