रुरुगंज। बिधूना कोतवाली क्षेत्र के कछपुरा देवराव गांव में मंगलवार रात एक युवक का शव खेत में नीम के पेड़ से रस्सी के सहारे लटकता मिला। घटना की जानकारी होते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना बुधवार सुबह अंतिम संस्कार कर दिया।
कछपुरा देवराव गांव निवासी रमाकांत (28) पुत्र सत्यवीर सिंह की मंगलवार रात घर में किसी बात को लेकर परिजनों से कहासुनी हो गई थी। बताया जाता है कि वह शराब पीने का आदी था, जिसको लेकर घर में आए दिन विवाद होता रहता था। रात में कहासुनी के बाद वह घर से निकल गया और अपने खेत में नीम के पेड़ से रस्सी के सहारे फंदा लगाकर जान दे दी। खेत के सामने ही मृतक के चाचा का मकान है। बुधवार सुबह चचेरे भाई अजय की नजर पेड़ से लटकते शव पर पड़ी तो उसके होश उड़ गए। उसने परिजनों को सूचना दी। मौके पर पहुंचे परिजन शव को नीचे उतारकर घर ले आए। इसके बाद पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। वहीं, कोतवाली प्रभारी वीनेश कुमार ने बताया कि घटना के संबंध में जानकारी नहीं है। जानकारी की जा रही है। संवाद