विधान सभा चुनाव 2017 के लिए राज्य निर्वाचन आयोग की ओर से तैयारियों का दौर शुरू हो गया है। विधान सभा निर्वाचक नामावलियों के पुनरीक्षण कार्यक्रम से पहले विधान सभा क्षेत्रों के पोलिंग बूथों का विभाजन करने का निर्णय लिया है। आयोग की ओर से जिले की बिधूना, दिबियापुर व औरैया सदर विधान सभा क्षेत्र के मतदेय स्थलों के मतदाता संख्या के आधार पर पोलिंग बूथ का विभाजन करने एवं संबद्ध करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
विकास भवन में उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम अशोक कुमार सिंह ने बताया कि बूथों के विभाजन और संबद्धीकरण को लेकर राज्य निर्वाचन ने कार्यक्रम घोषित कर दिया है। आयोग ने मतदेय स्थलों के विभाजन/संबद्धीकरण को लेकर 22 जून को मतदेय स्थलोें की सूची प्रकाशित कर आपत्ति व सुझाव मांगे जाने की तिथि निर्धारित की है। एडीएम ने मीडिया के माध्यम से आमजन से पोलिंग बूथों के संबंध में आपत्तियां एक जुलाई तक तहसीलदार, एसडीएम, एडीएम तथा जिला निर्वाचन तथा उप जिला निर्वाचन अधिकारी/एडीएम के दफ्तरों में प्रस्तुत करने की अपील की।
उन्होंने बताया कि आपत्तियों और सुझावों के निस्तारण के बाद बूथों को आठ जुलाई तक सूचीबद्ध किया जाएगा। बताया कि 11 जुलाई को जिले के संशोधित बूथों की डाटा रिपोर्ट राज्य निर्वाचन आयोग को प्रेषित किए जाने की समय सीमा तय की गई है। एडीएम ने बताया कि 1500 से अधिक मतदाता वाले बूथों का विभाजन, 750 वोटर संख्या वाले बूथों का परीक्षण तथा 300 से कम मतदाता वाले बूथों को अन्य पोलिंग बूथों से संबद्ध करने पर विचार करने को आयोग ने निर्देशित किया है। प्रेस कांफ्रेंस के दौरान एसडीएम सदर जितेंद्र श्रीवास्तव, एसडीएम बिधूना मदन चंद्र दुबे व एसडीएम अजीतमल राजेंद्र कुमार मौजूद रहे।
1086 बूथों से 986645 संबद्ध
बूथों के पुनरीक्षण को लेकर आयोग की ओर से घोषित कार्यक्रम के दिन तक जिले के विधान सभा क्षेत्रों के 1086 बूथों के सापेक्ष 986645 मतदाता संबद्ध हैं। एडीएम एके सिंह ने बताया कि सदर विधान सभा क्षेत्र के 362 बूथों से 325694, दिबियापुर विधान सभा क्षेत्र के 354 बूथों से 309385 तथा बिधूना विधान सभा क्षेत्र के सर्वाधिक 370 पोलिंग बूथों से अब तक 351566 मतदाताओं का संबद्धीकरण है।