औरैया। आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन की घोषणा के बाद मंगलवार से जिले में आदर्श आचार संहिता लागू कर दी गई है। इससे समाज कल्याण विभाग की ओर से आयोजित सामूहिक विवाह कार्यक्रम के शुभ मुहूर्त पर ग्रहण लग गया है। 25 सितंबर को बिधूना में होने वाले कार्यक्रम की पूरी तैयारी कर ली गई थी, लेकिन अब आचार संहिता लगने के बाद इन कार्यक्रमों को नवंबर के तक के लिए टाल दिया गया है।
जिले में मौजूदा वित्तीय वर्ष में समाज कल्याण विभाग को सामूहिक विवाह कार्यक्रम के तहत 641 जोड़ों की शादी कराने का लक्ष्य दिया गया है। इसके सापेक्ष आए एक हजार के करीब आवेदनों का तेजी से सत्यापन चल रहा है। इस बार ब्लॉक स्तर पर ही सामूहिक विवाह के कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, ताकि वर और वधू पक्ष के लोगों को ककोर मुख्यालय तक की दौड़ न लगानी पड़े। बिधूना में प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत सत्यापित और चयनित 150 जोड़ों की 25 सितंबर को शादी होनी थी। टेंडर प्रक्रिया के साथ वर वधू को मिलने वाले गिफ्ट से लेकर अन्य संसाधन जुटा लिए गए थे। इसी बीच निर्वाचन आयोग की ओर से आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन की अधिघोषणा जारी कर दी गई। चुनाव के चलते जिले में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई है। ऐसे में अब विभाग ने ब्लॉक स्तर पर प्रस्तावित सभी सामूहिक विवाह के कार्यक्रमों को टाल दिया है। तैयारी जहां की तहां थम गई है। अब इन कार्यक्रमों को नवंबर में संपन्न कराने की रूपरेखा बनाई गई है। कार्यक्रम टलने के बाद प्रदेश स्तर पर जिले की रैंकिंग प्रभावित होने की आशंका बढ़ गई है।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत गिफ्ट से लेकर भव्य आयोजन हर साल होते हैं। वहींए वधू के खाते में डीबीटी के माध्यम से 35 हजार रुपये पहुंचाए जाते हैं। लेकिन इस बार योजना को अपडेट किया गया है। वधू के खाते में इस बार के आयोजन में 64 हजार रुपये पहुंचेगे। इसके अलावा विधवा के शादी करने पर यह रकम 69000 हो जाएगी।
आदर्श आचार संहिता के चलते सामूहिक विवाह कार्यक्रम को नवंबर तक बढ़ाया गया है। पात्र चिह्नित हो चुके हैं। उन्हें ब्लॉक स्तर पर बुलाकर कार्यक्रम संपन्न कराए जाएंगे।
-रविंद्र कुमार शशि, जिला समाज कल्याण अधिकारी