फोटो-26-जांच करती खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम। संवाद
औरैया। होली को देखते हुए मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर रोक लगाने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग ने विशेष अभियान शुरू कर दिया है। बीते दिन मिलावटी छेना व पनीर नष्ट कराने के बाद बृहस्पतिवार को भी 40 किलोग्राम छेना नष्ट कराया गया जबकि मिलावट के संदेह में 200 लीटर सरसों तेल सीज किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी विजय कुमार श्रीवास व वीरन सिंह की संयुक्त टीम ने मोबाइल प्रयोगशाला वैन के माध्यम से विभिन्न प्रतिष्ठानों पर खाद्य पदार्थों की त्वरित जांच की। जांच के दौरान मानक के अनुरूप न पाए जाने वाले खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए गए। कार्रवाई के दौरान बिधूना के भगत सिंह चौराहा स्थित मिठाई की दुकानों से छेना, पनीर, खोया व दूध बर्फी के नमूने लिए गए। साथ ही संदिग्ध पाए गए 40 किग्रा छेना को मौके पर ही नष्ट कराया गया जिसकी अनुमानित कीमत 6400 रुपये बताई गई है।
इसके बाद टीम ने औरैया-कानपुर रोड स्थित एक तेल निर्माण इकाई से सरसों के तेल का नमूना लेकर 200 लीटर सरसों का तेल सीज किया। सीज किए गए तेल की अनुमानित कीमत 32 हजार रुपये बताई गई है। कुल पांच नमूने जांच के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला को भेजे गए हैं। सहायक आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग एडी पांडेय ने बताया कि जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद संबंधित खाद्य कारोबारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।