औरैया। 50 शय्या अस्पताल में सात साल से बंद पड़े ब्लड बैंक के जल्द शुरू होने के आसार दिखने लगे हैं। ब्लड बैंक के लिए नामित एमओ डॉ. प्रियेष प्रताप सिंह कटियार को नियुक्ति पत्र मिल गया है। उन्हें पैथोलॉजिस्ट की ट्रेनिंग पर भेजने के लिए सीएमओ ने शासन को पत्र लिखा है। उनके ट्रेनिंग से लौटने के बाद ब्लड बैंक शुरू हो सकता है।
जिला स्वास्थ्य विभाग ने डॉ. प्रियेष प्रताप सिंह कटियार को ब्लड बैंक के लिए नामित किया है। एमओ ने बताया कि एमबीबीएस की पढ़ाई के दौरान कॉलेज में 20 से 25 दिन व कैंपस के दौरान दिल्ली के इंडोगेल अस्पताल में एक महीने ब्लड बैंक में काम किया था। काम किए बहुत दिन हो गए हैं, इसलिए ट्रेनिंग की आवश्यकता है। जल्द आकर लोगों की सेवा करना चाहता हूं।
यूपीएक्स को सीएमओ ने लिखा पत्र
सीएमओ डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बताया कि एमओ डॉ. प्रियेष प्रताप सिंह कटियार को नियुक्ति पत्र दे दिया गया है। साथ ही इन्हें ट्रेनिंग पर भेजने के लिए यूपीएक्स ( उत्तर प्रदेश एड्स कंट्रोल सोसाइटी) को पत्र लिखा है। ट्रेनिंग से वापस आते ही ब्लड बैंक का चार्ज दे दिया जाएगा। इससे ब्लड बैंक को चालू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ सकेगी।