औरैया। मोहल्ला कटरा हेमनाथ में होली के दिन मंगलवार को घर के बाहर खेलते समय लापता हुए छह वर्षीय बालक का शव तीसरे दिन गुरुवार को घर के पास निर्माणाधीन सीवर टैंक में मिला। इस पर हत्या की आशंका जताते हुए परिजनों व इलाकाई लोगों ने शव सड़क पर रखकर लगाया। सूचना मिलने पर सीओ अजीतमल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और समझाबुझाकर जाम खुलवाकर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शव ले जाने के दौरान भी लोगों ने चमनगंज तिराहे के पास हंगामा कर पथराव किया। एएसपी ने मौके पर पहुंचकर आक्रोशित भीड़ को शांत कराया।
मोहल्ला कटरा हेमनाथ निवासी संतराम का पुत्र गौरव उर्फ गोलू (6) मंगलवार को घर के बाहर मोहल्ले के बच्चों के साथ होली खेल रहा था। काफी देर तक घर न पहुंचने पर परिजनों ने समझा कि वह जुलूस में टोली के साथ गया होगा। शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। कोई सुराग न मिलने पर पुलिस को सूचना दी। इस पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर ली। परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने बालक की खोजबीन में सक्रियता नहीं दिखाई। इस पर वह लोग खुद ही साइकिल पर माइक लगाकर तलाश करने निकल पड़े, लेकिन कुछ पता नहीं चला।
गुरुवार की सुबह संतराम के मकान से कुछ दूर पर रंजीत पुत्र मेवालाल के मकान के निर्माणाधीन सीवर टैंक में लोगों ने बालक का शव देखा। इस पर वहां भीड़ लग गई। लोगों ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए शव सड़क पर रखकर फफूंद-ककोर मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम की सूचना मिलने पर थाने की पुलिस ने पहुंचकर जाम खत्म कराने का प्रयास किया। लेकिन आक्रोशित लोग पुलिस के बड़े अफसरों को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। बाद में सीओ अजीतमल कमलेश नारायण पांडेय ने फोर्स के साथ पहुंचकर लोगों को समझाबुझा कर जाम खुलवाया।
इस बीच पुलिस ने शव थाने लेकर चलने की बात कही तो लोगों का गुस्सा फिर भड़क उठा। आक्रोशित लोगों ने चमनगंज तिराहे के पास हंगामा शुरू कर पथराव शुरू कर दिया। हंगामा होते देख दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दी। हंगामे की सूचना पर एएसपी कमलेश दीक्षित फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर लोगों के गुस्से को शांत किया।
इधर उपद्रवियों के खिलाफ दुकानदारों ने भी पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर, इस संबंध में एएसपी कमलेश दीक्षित ने बताया कि परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आरोपियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।
टैंक में डूबने लायक पानी नहीं था
फफूंद (औरैया)। मोहल्ला कटरा हेमनाथ में जिस टैंक में बालक का शव मिला है, उसमें इतना पानी नहीं था कि बच्चा डूब सके। लोगों का कहना है कि बुधवार को बच्चे की तलाश के दौरान इस टैंक को भी देखा गया था और खाली भी कराया गया था। तब वहां शव नहीं मिला था। बीती रात ही बच्चे के शव को उसमें डाला गया प्रतीत होता है।
वहीं, परिजनों का कहना है कि पुलिस ने खोजबीन में सक्रियता दिखाई होती तो बालक सही सलामत मिलता। मृतक गौरव के माता-पिता मजदूरी करते हैं। उसके तीन भाई व चार बहनें हैं। वह सबसे छोटा है। एक भाई रोहित और एक बहन मनीषा की शादी हो चुकी है। गौरव नगर के ही एक विद्यालय में पढ़ता था।