औरैया। कोतवाली क्षेत्र के कखावतू बंबे के पास शनिवार देर रात अवैध मिट्टी खनन की सूचना पर नाकेबंदी कर रही पुलिस और एक ट्रैक्टर चालक के बीच विवाद हो गया।
मामले में पुलिस ने ट्रैक्टर के नाबालिग चालक को थप्पड़ मार दिया। इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। अधिकारियों ने सीओ सिटी को जांच सौंपी है। वायरल वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करती है।
शनिवार रात करीब 12:30 बजे डायल 112 गश्त पर थे। इसी दौरान मिट्टी से लदी एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर-ट्रॉली आती दिखी। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया लेकिन चालक ने ट्रैक्टर रोकने के बजाय पुलिसकर्मियों की ओर बढ़ा दिया। पुलिसकर्मियों ने वहां से हटकर अपनी जान बचाई और कंट्रोल रूम को सूचना दी। घेराबंदी कर पुलिस ने ट्रैक्टर चालक को रोका।
रविवार को घटना से जुड़े दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए। वीडियो में पुलिस कर्मी नाबालिग चालक को थप्पड़ मारते दिखाई दे रही। पुलिस जांच में पता चला कि चालक नाबालिग है और जालौन के ककराही का रहने वाला है। हालांकि ट्रैक्टर सीज कर किशोर को जाने दिया गया है।
जिला खनन अधिकारी वशिष्ठ यादव ने स्पष्ट किया है कि कखावतू क्षेत्र में मिट्टी या बालू के खनन की कोई अनुमति नहीं दी गई थी। पुलिस जांच में सामने आया कि ट्रैक्टर बहादुरपुर इकौरापुर निवासी इंद्रेश का बताया जा रहा है।
कोतवाल राजकुमार सिंह ने बताया कि नाबालिग से ट्रैक्टर चलवाने के आरोप में मालिक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी। सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्रॉली को सीज कर दिया गया है। जांच रिपोर्ट जल्द उच्चाधिकारियों को सौंपी जाएगी।
अवैध खनन में ट्रक सीज
अजीतमल। यातायात पुलिस एवं कोतवाली पुलिस ने संयुक्त चेकिंग अभियान के दौरान अवैध खनन सामग्री ले जा रहे एक मालवाहक ट्रक को रोक लिया। जांच के बाद गड़बड़ी पाए जाने पर उसे सीज कर कोतवाली में खड़ा करा दिया गया।
यातायात प्रभारी उप निरीक्षक देवेंद्र कुमार चेकिंग के दौरान शनिवार को ट्रक रोका गया। जांच में ट्रक मानक से ओवरलोड पाया गया। पुलिस को जांच के दौरान नंबर प्लेट भी दोषपूर्ण मिला। चालक के पास लाइसेंस व वाहन संबंधी आवश्यक दस्तावेज मिले थे। (संवाद)