शहर के देवकली मंदिर में सोमवार को श्रद्धालुओं ने सुबह होते भगवान भोलेनाथ के जयकारे के साथ उनका पूजन-अर्चन किया। भीषण धूप व उमस के बाद भी श्रद्धालुओं की आस्था डिगी नहीं।
मंदिरों में बेलपत्र, जल-दूध, भांग धतूरा का अंबार, मन में श्रद्धा अपार और चारों ओर बम-भोले की जयकार। दिन भर यहीं नजारा शहर भर के छोटे-बड़े शिवालयों में दिखाई दिया।
बोल बम, हर हर महादेव, जय शिव शंकर के उद्घो, ढोल की ध्वनि के बीच सोमवार पर शिव मंदिरों में श्रद्धालुओं की आस्था उमड़ पड़ी। भगवान शिव के दर्शन करने के लिए मंदिरों में पैर रखने की जगह तक नहीं मिल रही थी। तड़के पट खुलने के बाद ही श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती चली गई।
किसी ने जल, किसी ने दूध तो किसी ने बेलपत्र चढ़ाकर शिव का अभिषेक किया। शहर के देवकली मंदिर में सबसे ज्यादा भीड़ रही। दूसरे सोमवार को जालौन, कन्नौज, कानपुर देहात समेत अन्य जिलों से आए लाखों श्रद्धालुओं ने बाबा के दर्शन किए।
इस वर्ष भी मेले चाट, बताशे और अन्य सामग्री की दुकानें बड़ी संख्या में लगाई गई। झूले पर जाने के लिए बच्चे मचलते रहे। अभिभावकों ने बच्चों को झूले का मजा दिलाया। श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस लगा दी गई थी।