फोटो-14- आसमान में बादलों में छुपा सूर्य। संवाद
हरदोई। पिछले चार दिन से सर्दी और कोहरे ने जिलेवासियों को कंपा कर रखा था। सोमवार सुबह से ही धूप निकलने के आसार दिखाई देने लगे। दोपहर होने तक बादलों को चीरते हुए धूप निकल आई। धूप में तेजी तो नहीं रही लेकिन गुनगुनी धूप ने लागों को राहत महसूस कराई। धूप से अधिकतम तापमान में इजाफा भी हुआ। हालांकि, मौसम विभाग ने कोहरा होने का अंदेशा भी जताया है।
दिसंबर में ही कड़ाके की सर्दी ने लोगों को बेहाल करके रख दिया है। कोहरे और सर्दी का दौर तो एक पखवाड़े से जारी है। बीते चार दिनों से धूप तक नहीं निकल रही है। सर्दी ने लोगों को घरों में ही दुबकने को मजबूर कर दिया। रविवार को तो मौसम काफी खराब रहा। सोमवार सुबह भी कोहरा रहा। हालांकि, दोपहर को कुछ समय के लिए धूप निकली जिससे लोगों को सर्दी से राहत मिली। धूप निकलने पर लोग घरों के बाहर व छतों पर जाकर धूप का आनंद लेते दिखे। शाम को फिर से कोहरा होने से लोग अलाव जलाकर ठंड से बचने की कोशिश करते नजर आए।
मौसम वेधशाला प्रेक्षक आरसी वर्मा ने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान में तीन डिग्री का इजाफा होकर 15.6 डिग्री सेल्सियस रहा और न्यूनतम तापमान में एक डिग्री की गिरावट होकर 08.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। आर्द्रता सुबह 94 प्रतिशत और शाम को 78 प्रतिशत रही। दृश्यता 200 से 300 मीटर रही। मौसम विशेषज्ञ ने बताया कि कोहरा और सर्दी बढ़ने की संभावना नजर आ रही है।
फोटो-14- आसमान में बादलों में छुपा सूर्य। संवाद