अटसू। तहसील क्षेत्र के गांव डेरा हुकुमपुर में एक अधेड़ महिला ने रविवार की देर रात कमरे की छत के कुंडे से रस्सी का फंदा लगाकर जान दे दी। घटना के समय पति घर के बाहर सोया हुआ था। सुबह पति की नींद खुली तो पत्नी को फंदे पर लटका देखा।
गांव निवासी सुरेश चंद्र गांव में रहकर मजदूरी करके अपने परिवार का भरण-पोषण करता है। परिवार में बेटों व बेटियों की शादी हो चुकी है। पति-पत्नी साथ घर में रहते हैं। बीती रात पति खाना खाकर घर से बाहर लेटने चला गया पत्नी कुसमा 55 घर में अंदर सोने चली गई। सुबह जब सुरेश की नींद खुली और वह घर के अंदर पहुंचा तो पत्नी को फंदे पर लटका देख उसके होश उड़ गए।
मौके पर पहुंचे परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना को लेकर मृतका के पति ने बताया कि पत्नी कुछ दिनों से किसी कारण से क्षुब्ध रहती थी। कारण क्या था ये न तो उसने बताया और न ही पता चला। इसके चलते अवसाद में आकर उसने आत्म हत्या कर ली।
इस संबंध में कोतवाली प्रभारी राजकुमार सिंह ने बताया कि महिला ने आत्महत्या की है। परिजनों की ओर से किसी प्रकार का कोई आरोप या कोई कोई शिकायत नहीं दिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत के कारणों की सही वजह स्पष्ट हो सकेगी।