बच्चों को पसोरा जाता मिड डे मील। संवाद
दिबियापुर। भाग्यनगर ब्लॉक के उसरारी कंपोजिट स्कूल में 10 दिन मिड डे मील नहीं बन रहा था। अमर उजाला के छह अक्तूबर के अंक में यह समस्या प्रमुखता से प्रकाशित होने का अब अफसरों ने संज्ञान लिया है। बृहस्पतिवार को स्कूल में मिड डे मील बना। बच्चों को दोपहर का भोजन मिला।
उसरारी कंपोजिट स्कूल की प्रधानाध्यापक सुनीता द्विवेदी पिछले दिनों छुट्टी पर चली गई थीं। उनकी 15 अक्तूबर तक छुट्टी प्रस्तावित है। ऐसे में पिछले 10 दिनों से स्कूल में मिड डे मील ही नहीं बन रहा था। दोपहर के समय बच्चों को भोजन न मिलने से अभिभावकों में नाराजगी पनप रही थी। अमर उजाला में खबर प्रकाशित होने के बाद बीआरसी से लेकर जिला स्तर पर बीएसए संजीव कुमार ने पूरे मामले का संज्ञान लिया। स्कूल में तैनात शिक्षकों को जहां नोटिस जारी किए गए। वहीं आनन-फानन में शिक्षकों ने बृहस्पतिवार को भोजन बनवाया। हालांकि स्कूल का चार्ज देख रहे वरिष्ठ शिक्षक मो. इदरीश के भी मेडिकल लेकर छुट्टी पर चले जाने की सूचना भी है। भाग्यनगर बीईओ दाताराम ने बताया कि प्रधानाध्यापक के छुट्टी पर जाने की स्थिति में चार्ज देख रहे वरिष्ठ शिक्षक मो. इदरीश से स्पष्टीकरण तलब किया गया था। जवाब में दो दिन मिड डे मील न बनना बताया गया है।
बच्चों को पसोरा जाता मिड डे मील। संवाद