अटसू। विलावा गांव निवासी प्राइवेट फायरमैन बृजेश कुमार पाल की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के मामले में 11 दिन बाद भी पुलिस किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। परिजनों का आरोप है कि अंतिम संस्कार के बाद जांच सुस्त पड़ गई। बृहस्पतिवार को उन्होंने एसपी अभिषेक भारती से मिलकर कार्रवाई की मांग की।
बृजेश का शव 26 अक्तूबर को गांव के बाहर फंदे से लटका मिला था। मौके से पुलिस को उसकी बाइक और सुसाइड नोट मिला था। उसमें मैडम जी का जिक्र करते हुए प्रेम में धोखा मिलने की बात लिखी थी। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए हंगामा किया था। सीओ के निष्पक्ष जांच के आश्वासन पर अंतिम संस्कार किया गया था।
परिजन के मुताबिक, घटना से पहले बृजेश ने चार दोस्तों को अपनी प्रेमिका की फोटो भेजी थी। इसके बावजूद पुलिस अब तक मैडम जी की पहचान नहीं कर सकी है। परिजन ने दोस्तों से पूछताछ और मोबाइल बातचीत की जांच कराने की मांग की। एसपी ने जल्द कार्रवाई का आश्वासन दिया। सीओ शैलेंद्र सिंह परिहार ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द खुलासा किया जाएगा।