बिधूना। पूर्व विधायक स्वर्गीय गजेंद्र सिंह की 23वीं पुण्यतिथि पर पब्लिक इंटर काॅलेज व नेहरू स्मारक इंटर काॅलेज के मेधावी छात्र-छात्राओं व खेलकूद में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियाें को सम्मानित किया गया।
विधायक के पुत्र मानवेंद्र सिंह, मंजू सिंह व प्रधानाचार्य डीपी सिंह ने मेधावियों और खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र व प्रतीक चिह्न भेंट किए।
कार्यक्रम में पब्लिक इंटर काॅलेज में वर्ष 2025 में हाईस्कूल परीक्षा पास करने वाले सार्थक श्रीवास्तव, अभिषेक राजावत व अदिति को सम्मानित किया गया। इसके साथ ही इंटर के छात्र उत्कर्ष, विष्णु भदौरिया व सानिया मिर्जा को सम्मानित किया गया।
इसके अलावा कैथावा स्कूल से हाईस्कूल व इंटर में अव्वल रहे छात्र हर्षित कुमार, निखिल कुमार, अर्पिता देवी, काशवी भदौरिया, उजाला व रेनुका को भी सम्मानित किया गया। इसके साथ ही प्रदेशीय भारोत्तोलन में मेडल प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं को भी प्रशस्ति पत्र दिए गए।
सेनानी गजेंद्र सिंह के सिद्धांतों पर चलने का संकल्प
बिधूना। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व पांच बार विधायक चुने गए गजेंद्र सिंह की 23वीं पुण्यतिथि पर बुधवार को पब्लिक इंटर कॉलेज में श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर सेनानी गजेंद्र सिंह के सिद्धांतों पर चलने का संकल्प लिया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत उनके प्रतिमा स्थल पर परिवार के सदस्यों ने गायत्री परिवार संग किए गए हवन-पूजन के साथ की। इस मौके पर बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ की प्रदेश सह संयोजक मंजू सिंह ने कहा कि बाबू जी सिर्फ व्यक्ति नहीं, बल्कि एक विचार थे।
कार्यक्रम का संचालन सूर्यवंश सिंह ने किया। इसके बाद उनकी समाधि पर गजेंद्र सिंह स्मृति ट्रस्ट तथा पब्लिक एजुकेशन सोसाइटी के पदाधिकारियों मंजू सिंह, मानवेंद्र सिंह, कुसुम सिंह, शिव प्रताप सिंह, रचना सिंह व व्योमेश सिंह आदि ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। (संवाद)
फोटो-11- समाधि स्थल पर श्रदाजंलि अर्पित करते पदाधिकारी। संवाद