फोटो-35- धूप से बचने को छाता लगाकर घर लौटता छात्र।संवाद
बिधूना। जिले में कई दिनों तक रुक-रुक कर हुई बारिश से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली थी। इधर, सुबह से तेज धूप निकलने से गर्मी और उमस ने एक बार फिर लोगों को बेहाल किया। सोमवार को पारे में दो डिग्री की बढ़ोतरी हुई।
कृषि वैज्ञानिक डॉ रामपलट सिंह ने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यह पिछले दिनों की तुलना में दो डिग्री बढ़ा हुआ है। बारिश न होने से आगे भी उमस भरी गर्मी दिक्कत बढ़ा सकती है। सुबह तेज धूप के साथ हुई शुरुआत ने लोगों को दिनभर गर्मी का एहसास कराया। सुबह के समय हवा लगभग शांत रही। इससे वातावरण में नमी बढ़ गई और उमस का असर और अधिक महसूस हुआ।
घरों, कार्यालयों व दुकानों में पंखे और कूलर भी राहत देने में नाकाम साबित हुए। प्रमुख चौराहों, बस स्टैंड, स्कूलों व अस्पतालों में लगे आरओ वाटर कूलरों के पास राहगीरों की भीड़ लगी रही। लोग बार-बार पानी पीकर खुद को राहत देने का प्रयास करते रहे। दोपहर बाद हल्के बादल तो दिखाई दिए लेकिन उससे गर्मी में कोई खास राहत नहीं मिली।
मौसम विभाग के अनुसार बादल छाने के साथ कहीं हल्की तो कहीं मध्यम और तेज बारिश होने की संभावना है।