औरैया। फूलगंज सामाजिक एवं सांस्कृतिक समिति ने मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन उप जिलाधिकारी सदर को सौंपा। इसमें जिले की जर्जर सड़कों, अधूरे पुलों, जलभराव और अतिक्रमण जैसी जनसमस्याओं के समाधान की मांग की गई।
ज्ञापन में बताया गया कि यमुना नदी पर शेरगढ़ घाट पुल की एप्रोच सड़क गड्ढों और कटाव से जर्जर है। समय पर मरम्मत न होने पर बारिश में औरैया व जालौन के लोगों का आवागमन बाधित हो सकता है। औरैया-फफूंद फोरलेन पर सरैया व देबरपुर के पास नहर पुल के दोनों ओर सड़क एक दशक से अधूरी है। यहां बड़े गड्ढों के कारण सड़क दुर्घटनाएं होती हैं। सेंगर नदी पर पढ़ीन पुल का निर्माण भी अधूरा है, जिससे फोरलेन की एक लेन पर यातायात प्रभावित है। समिति ने नहर पुल की चौड़ाई बढ़ाने और दिबियापुर-औरैया मार्ग पर नया नहर पुल बनाने की मांग की। पाता से हरचंदपुर मार्ग की मरम्मत और नगर में अतिक्रमण हटाने की भी मांग की गई। ज्ञापन सौंपने वालों में हरगोविंद तिवारी, पुष्पक शुक्ला, योगेंद्र सिंह, सत्यम कुमार, नितिन अग्रवाल और राधानंद चौबे शामिल थे।