औरैया। श्रीरामलीला कमेटी की रविवार को हुई बैठक में कमेटी ने शासन की गाइड लाइन के तहत रामलीला कराने पर मंथन किया। अंत में रामलीला न कराने का निर्णय लिया गया। रामनवमी के दिन मंच पर अखंड पाठ का आयोजन किया जाएगा।
कमेटी के अध्यक्ष लालजी तिवारी के प्रतिष्ठान में हुई। बैठक में संरक्षक शंकर दयाल शुक्ला और अध्यक्ष लालजी तिवारी ने बताया कि रामलीला कार्यक्रम के मंचन में कलाकारों की संख्या 60 से 70 होती है। इसके अलावा लाइट, साउंड, टेंट आदि को मिलाकर कर्मचारी संख्या 200 होती है।
ऐसे में शासन की कोविड-19 की गाइड लाइन के तहत रामलीला कार्यक्रम संपन्न होना संभव नहीं है। बताया कि शंकर बारात में हजारों की संख्या में भीड़ होती है। बारात में विभिन्न रूपों में 150 से 200 लोग होते। ऐसे में शंकर बारात का आयोजन भी नहीं हो सकेगा। शासन की गाइड लाइन का पालन न हो पाने पर सर्वसम्मति से इन कार्यक्रमों को न करने का निर्णय लिया गया।
अध्यक्ष ने बताया कि सर्व सम्मति से निर्णय लिया गया है कि रामनवमी के दिन रामलीला मंच पर अखंड पाठ का आयोजन कमेटी द्वारा किया जाएगा। इसमें विधिवत राम दरबार का पूजन, आरती का कार्यक्रम होगा। बैठक में वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग तिवारी, उपाध्यक्ष अमित चौबे, रजत पांडे, चंदू तिवारी, मंजुल पांडे, पूरन पांडे, सतीश पाठक, पंकज अवस्थी, पंकज मिश्रा, लल्ला अवस्थी, महामंत्री अवधेश मिश्रा, कोषाध्यक्ष शिवदास वर्मा समेत कई लोग उपस्थित रहे।