औरैया। जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने जिला संयुक्त चिकित्सालय में स्थापित एकीकृत कोविड कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में सीएमओ व अधिकारियों के साथ बैठक कर कोरोना की रोकथाम के लिए की जा रही गतिविधियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने निर्देश दिया कि 24 घंटे के अंदर संक्रमित के संपर्क में आने वालों की जांच कराई जाए।
जिलाधिकारी ने बैठक में अधिकारियों से घर-घर सर्वे, कोरोना संदिग्ध व्यक्तियों की पहचान, मरीजों को बिना देरी के अस्पताल पहुंचाने, संदिग्ध व्यक्तियों की जांच आदि बिंदुओं पर जानकारी ली। सीएमओ को निर्देश दिए कि यदि कोई व्यक्ति कोरोना पॉजिटिव पाया जाए तो 24 घंटे के अंदर उसके संपर्क में आने वाले सभी हाई एवं लो रिस्क कांटेक्ट की ट्रेसिंग कर सैंपल लेकर जांच कराएं। कहा कि आईएलआई/एसएआरआई लक्षण वाले सभी व्यक्तियों की पहचान की जाए। सभी कोरोना पॉजिटिव मरीजों से 24 घंटे संपर्क बनाए रखा जाए। कोविड अस्पताल में शिफ्ट होने वाले मरीजों को बिना किसी देरी के अस्पताल में भर्ती किया जाए।
उन्होंने कोविड कंट्रोल सेंटर के संबंधित कर्मचारी को निर्देश दिए कि होम आइसोलेशन में रह रहे सभी मरीजों से रोजाना संपर्क किया जाए। यदि उन्हें कोई समस्या आ रही हो तो तत्काल उसका निस्तारण कराया जाए। सभी क्वारंटाइन सेंटर एवं अस्पतालों में कोविड कमांड एवं कंट्रोल सेंटर का हेल्पलाइन नंबर चस्पा किया जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि रेडक्रॉस सोसाइटी, युवा मंगल दल आदि संस्थाओं से संपर्क कर उनका सहयोग लिया जाए।