फफूंद (औरैया)। कस्बा स्थित गेल वाटिका में बुधवार को वार्ड निगरानी समिति की बैठक हुई। बैठक में लोक निर्माण विभाग के विशेष सचिव चंद्रभूषण ने प्रत्येक वार्ड से आए सभासदों से प्रवासी मजदूरों के बारे में जानकारी की।
साथ ही निर्देश दिया कि निगरानी समितियां हर हाल में प्रवासी मजदूरों का 21 दिन होम क्वारंटीन कराना सुनिश्चित करें। बैठक में एडीएम (न्यायिक) एसपी सिंह भी मौजूद रहे।
बैठक में विशेष सचिव ने कहा कि निगरानी समितियां वार्डों में आने वाले प्रवासी मजदूरों की जांच कराकर 21 दिन का होम क्वारंटीन कराएं। उन्होंने प्रत्येक वार्ड के सभासद से प्रवासी मजदूरों की जानकारी लेने तथा सभी से आरोग्य सेतु ऐप डाउनलोड कराने को कहा। सभासदों ने विशेष सचिव के समक्ष अपनी समस्याओं को भी रखा।
इस मौके पर अधिशासी अधिकारी नगर पंचायत फफूंद अनीता शुक्ला, निगरानी समितियों के अध्यक्ष सभासद राजेश तिवारी, शब्बीर कुरैशी, प्रबल शर्मा, शिवकुमार राजपूत, नंदलाल, गुड्डू शुक्ला, अकील अहमद व आसमा बेगम आदि मौजूद रहीं।