औरैया। जिले में पांच और कोरोना पॉजिटिव मिले हैं। इन सभी को दिबियापुर स्थित एल-वन अस्पताल में क्वारंटीन किया गया है। इन्हें मिलाकर अब एक्टिव केस की संख्या 12 पहुंच गई है। औरैया में अभी तक 30 कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनमें 18 स्वस्थ हो चुके हैं। इस तरह अब 12 केस बचे हैं।
जिलाधिकारी अभिषेक सिंह ने बताया कि सैफई में लंबित 97 सैंपलों में से बुधवार की सुबह 26 की रिपोर्ट आई। इसमें पांच की रिपोर्ट पॉजिटिव है। अन्य 21 की रिपोर्ट निगेटिव रही है। अब 71 सैंपल की रिपोर्ट आना बाकी है।
उन्होंने बताया कि जिन पांच सैंपलों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। उनमें बेला क्षेत्र के गांव सहमेऊ का एक, सहार क्षेत्र के गांव इकघरा के दो, कंचौसी क्षेत्र के गांव नौगवां का एक और अटसू क्षेत्र का एक मरीज शामिल हैं। अटसू कस्बे का पॉजिटिव मरीज स्थायी रूप से यहीं का रहने वाला हैै। यह शहर के मोहल्ला बनारदासी में मृतक फौजी के घर शव के अंतिम संस्कार के दिन आया था।
फौजी की पत्नी भी कोरोना पॉजिटिव आई थी। बाकी अन्य चार पॉजिटिव केस प्रवासी हैं, जो दिल्ली, अहमदाबाद, सूरत और मुंबई से आए हुए हैं। उन्होंने बताया कि सभी पॉजिटिव मरीजों को दिबियापुर स्थित एल-वन अस्पताल में क्वारंटीन किया गया है। मालूम हो कि पहले के सात कोरोना पॉजिटिव मरीजों को कानपुर देहात के गजनेर, तिर्वा और सैफई में भर्ती कराया गया है। वहां उनका इलाज हो रहा है।