अछल्दा (औरैया)। इटावा के सांसद डॉ. रामशंकर कठेरिया ने बुधवार को ब्लॉक सभागार में बैठक कर लॉकडाउन के दौरान जरूरतमंदों का ध्यान रखने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि ग्रामीण या नगरीय क्षेत्र में जिन लोगों के राशन कार्ड अभी तक नहीं बने हैं, उनके फार्म जल्द ही ऑनलाइन कराकर तुरंत राशन दिया जाए। उन्होंने चेताया कि अगर डीलर ने राशन नहीं दिया तो खैर नहीं होगी। अछल्दा नगर पंचायत ईओ से कहा कि सुबह-शाम कैंटीन चलाए। कम से कम 400 पैकेट रोजाना भोजन के बनाए जाएं।
बैठक में सांसद डॉ. राम शंकर कठेरिया ने कहा कि प्रदेश व केंद्र सरकार का निर्देश है कि कोई भी गरीब परिवार भूखा न सोये। इसके लिए नगर और ग्रामीण में अधिकारी कर्मचारी को लगाया गया है।
सांसद ने कहा कि जिनके राशन कार्ड बने है और वह राशन नहीं उठाते हैं, उनकी जगह जो नए राशन कार्ड बने हैं, उनको राशन दिया जाए। इसके अलावा रिक्शा चालक, कपड़िया, सपेरा समाज व नट जैसे घुमंतू परिवारों को तुरंत आटा, चावल व आलू उपलब्ध कराया जाए। किसानों के गेहूं की बिक्री के लिए कोई दिक्कत नहीं आएगी। बिजली विभाग के अधिकारियों से कहा कि जर्जर झूलते तारों को दुरुस्त कराया जाए।