औरैया। कलक्ट्रेट स्थित डिप्टी आरएमओ कार्यालय पर शुक्रवार को हुई बैठक में डोर स्टेप डिलेवरी की समीक्षा की गई। डिप्टी आरएमओ ने एसएमआई, इंस्पेक्टर व ठेकेदारों को चेताया कि कोटा डीलर की दुकानों पर निर्धारित मात्रा में अनाज पहुंचना चाहिए। अनाज की चोरी या अन्य किसी भी तरह की खामियां मिलने पर एफआईआर कराई जाएगी।
डिप्टी आरएमओ सुधांशु शेखर ने कहा कि इंसपेक्टर भारतीय खाद्य निगम के गोदामों से अनाज शत-प्रतिशत तौलकर वितरण करें। विपणन निरीक्षकों का भी दायित्व है कि समय-समय पर इसकी समीक्षा करें। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता मिलने पर उन्हें भी इसके लिए जिम्मेदार माना जाएगा। अनाज की चोरी किसी भी दशा में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने ठेकेदारों को भी चेताया कि अनाज ले जाते समय रास्ते में किसी तरह की गड़बड़ी न करें। निरीक्षण के दौरान शिकायत मिली तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर कराई जाएगी। डिप्टी आरएमओ ने कहा कि यह शासन की प्राथमिकता वाला बिंदु है, इसमें सभी अपनी जिम्मेदारी को समझें। इस मौके पर ठेकेदारों द्वारा अपनी समस्याएं रखी गईं। जिनका निस्तारण कराए जाने का डिप्टी आरएमओ ने भरोसा दिलाया। बैठक में क्षेत्रीय विपणन अधिकारी लवदीप कुमार व हरिश्चंद्र, विपणन निरीक्षक सुनील कुमार, संतोष कुमार चौधरी, श्रीमती अर्पणा अवस्थी, विकास यादव व श्रीमती आराधना गिरी आदि मौजूद रहीं।