फोटो -20- मेले में मरीज को देखते डॉ. शुभम मिश्रा। संवाद
बिधूना। मौसम में बदलाव के साथ तेजी से बढ़ रहे वायरल बुखार और मौसमी बीमारियों के बीच रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र असजना में हुए मुख्यमंत्री आरोग्य मेले में अव्यवस्थाएं नजर आईं। मेले में लैब टेक्नीशियन के न पहुंचने से मरीजों को बिना किसी खून जांच के ही महज दवाओं के भरोसे वापस लौटना पड़ा।
रविवार दोपहर आरोग्य मेले की पड़ताल के दौरान करीब 23 मरीज इलाज के लिए पहुंचे थे। डॉ. शुभम मिश्रा, फार्मासिस्ट रामअवतार, वार्ड बॉय शिवा और नर्स तो मौजूद मिले लेकिन जांच की सुविधा पूरी तरह से ठप रही। इसके चलते अब मरीजों को जांच कराने के लिए 10 से 12 किमी दूर बिधूना सीएचसी के चक्कर काटने पड़े।
जांच में सामने आया कि असजना केंद्र पर तैनात लैब टेक्नीशियन की ड्यूटी एचआईवी जागरूकता अभियान के तहत फील्ड में लगा दी गई है, जिस कारण वह मेले में उपस्थित नहीं हो सके। इस संबंध में सीएचसी अधीक्षक डॉ. वीपी शाक्य ने बताया कि संबंधित कर्मचारी की अनुपस्थिति के कारणों की जानकारी ली जा रही है। एचआईवी अभियान में ड्यूटी की बात संज्ञान में आई है, जल्द ही आरोग्य मेले के लिए वैकल्पिक व्यवस्था कराई जाएगी।