फोटो-3-प्रदीप उर्फ शीलू। फाइल फोटो
अटसू/फफूंद। फफूंद थाना क्षेत्र के गांव जुआ निवासी मीट कारोबारी युवक की हालत बिगड़ गई। परिजन गंभीर अवस्था में उसे सीएचसी अजीतमल लेकर पहुंचे। यहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों ने प्रथम दृष्टया जहरीला पदार्थ के सेवन करने मौत की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी है।
गांव निवासी प्रदीप उर्फ शीलू (30) अजीतमल क्षेत्र के गांव बल्लापुर में मुर्गा-मीट की दुकान संचालित करता था। बताया जा रहा है कि मुर्गा खरीद-फरोख्त को लेकर एक युवक से उसका लेनदेन का विवाद चल रहा था। आशंका है कि इसी विवाद के चलते उसने कोई जहरीला पदार्थ सेवन कर लिया। शनिवार देर रात प्रदीप दुकान से लड़खड़ाते हुए घर पहुंचा। इसके बाद परिजन उसे तत्काल सीएचसी ले गए। यहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
पत्नी अलका ने गांव के ही एक युवक पर मुर्गे की उधारी वसूलने के लिए पति का उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। प्रदीप तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसके एक पुत्र ऋषभ (5) और एक पुत्री काव्या (7) है।
फफूंद थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल इस संबंध में कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है।