दिबियापुर (औरैया)। गाजियाबाद में रहकर गार्ड की नौकरी करने वाले एक युवक की पत्नी ने प्रसव के बाद हालत बिगड़ने पर दम तोड़ दिया। दिबियापुर स्थित घर पर शव आने के बाद मायके पक्ष के लोगों ने आरोप लगाए तो पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
नगर के दुर्गा नगर निवासी सुनील अपनी पत्नी नेमा देवी (26)के साथ गाजियाबाद में रहता था। 20 जुलाई को प्रसव पीड़ा होने पर नेमा देवी को सफदरगंज हॉस्पीटल दिल्ली में भर्ती कराया गया। यहां उसने बेटी को जन्म दिया। इसके बाद नेमा देवी की हालत बिगड़ गई। बाद में इलाज के दौरान 28 जुलाई को नेमा देवी की मौत हो गई।
सुनील अपनी पत्नी के शव को लेकर दिबियापुर स्थित घर आया। यहां नेमा देवी के मायके पक्ष के लोगों ने पति पर ठीक से इलाज न कराने एवं अन्य कई आरोप लगाए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में दिबियापुर थाने के एसआई मुकेश कुमार का कहना है कि सभासद रजत यादव ने फौती सूचना दी थी।
मृतका के मायके पक्ष के लोग पति पर आरोप लगा रहे थे। इसलिए महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ेहिला की 4 वर्ष पूर्व शादी हुई थी। नवजात बालिका पूरी तरह से स्वस्थ है।