दिबियापुर। राजमिस्त्री की हत्या के मामले में मंगेतर के बाद अब युवक के करीबियों की पूछताछ की गई। पुलिस को अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
बड़ी बात यह है कि तीन दिन बाद मृतक का मोबाइल फोन नहीं मिल सका। पुलिस ने तीसरे दिन भी संभावित जगहों के सीसीटीवी कैमरे खंगाले।
फफूंद थाना क्षेत्र के गांव तुलसीपुर निवासी अनुज उर्फ छोटे (21) की हत्या कर दिबियापुर थाना क्षेत्र के गांव भियांपुर के पास खेत में शव फेंक दिया गया था। मंगलवार को कानपुर देहात स्थित मंगलपुर के गांव लाड़पुर निवासी मंगेतर समेत अन्य से पूछताछ की गई थी। बुधवार को मृतक के दोस्तों व करीबियों से पूछताछ की, लेकिन कुछ हाथ नहीं लगा।
पुलिस को मृतक का मोबाइल फोन नहीं मिला, लेकिन उसका कवर वहां पड़ा मिला था। आखिरी लोकेशन पुलिस को घटना स्थल पर मिली थी। सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है।