औरैया। गांव सहायल कस्बे में स्थित एक परचून और गारमेंट्स की दुकान में घुसकर नकाबपोश बदमाशों ने लाठी-डंडों व चाकुओं हमला कर 15 हजार रुपये लूट लिए। घटना में चचेरे भाई गंभीर रूप से घायल हो गए। थाना पुलिस ने एसपी के निर्देश पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
सहायल निवासी अजय कुमार ने एसपी अभिषेक भारती को प्रार्थना पत्र देकर बताया कि 28 अक्तूबर की शाम करीब चार बजे उनका बेटा गौरव कुमार और भतीजा यश कुमार अपनी परचून व गारमेंट्स की दुकान पर बैठे थे। इसी दौरान गांव निवासी थाने का टॉप-10 अपराधी शैलेन्द्र उर्फ विट्टी यादव, दिबियापुर निवासी रिंकू और चार अज्ञात आरोपी, जिन्होंने अपने मुंह पर गमछा बांध रखा था, अचानक दुकान में घुस आए। दुकान में घुसकर आरोपी गाली देने लगे। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी-डंडों और चाकुओं से हमला कर पीटना शुरू कर दिया। हमले में गौरव कुमार और यश कुमार के कान व सिर पर गंभीर चोटें आई हैं। बाद में दुकान में रखे 15 हजार रुपये लूटकर मौके से भाग निकला। थाना प्रभारी निरीक्षक रमेश सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। आरोपियों की तलाश में पुलिस लगी है, जल्द गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।