एरवाकटरा। कन्नौज जनपद के थाना सौरिख क्षेत्र के गांव नगला झावर निवासी एक नवविवाहिता पति से फोन पर हुई कहासुनी के बाद 31 दिसंबर की रात घर छोड़कर निकल गई थी। जानकारी पर परिजन नवविवाहिता की खोज में जुटे थे। इसी बीच तीन दिन बाद महिला को एरवाकटरा थाना पुलिस ने खोज निकाला। साथ ही सूचना पर पहुंचे ससुरालीजनों के सुपुर्द कर दिया।
थाने में मौजूद नवविवाहिता विमला ने बताया कि लगभग सात माह पूर्व उसने सौरिख थाना क्षेत्र के नगला झाबर निवासी शैलेंद्र कुमार से विवाह किया था। लगभग दो माह पूर्व पति उसे ससुराल में छोड़कर छत्तीसगढ़ नौकरी करने चला गया था। पीड़िता ने बताया कि 31 दिसंबर की रात वह हाथों में मेहंदी लगाते हुए पति से फोन पर बात कर रही थी। अचानक से फोन होल्ड हो गया।
इसको लेकर पति शैलेंद्र कुमार ने उससे अभद्र भाषा का प्रयोग किया। इससे आहत होकर वह गुस्से में फोन को घर पर रखकर रात में ही निकल गई। बिना बताए घर से जाने पर परिजन उसकी तलाश में जुटे थे। थानाध्यक्ष जीतमल चौधरी ने बताया कि डायल 112 पर सूचना प्राप्त हुई थी कि एक महिला गांव नगला बले के पास घूम रही है। इसे थाने लाकर पूछताछ की। मामला समझ आने पर परिजनों को बुलाकर महिला को सुपुर्द कर दिया गया।