औरैया। गुरु पुष्य नक्षत्र के साथ सर्वार्थ सिद्ध योग में गुरुवार को बाजारों में जमकर खरीदारी की गई। सराफा ही नहीं इलेक्ट्रॉनिक्स, ऑटो मोबाइल सेक्टर भी खूब चमके। ग्राहकों की भीड़ देख दुकानदार काफी खुश दिखे। ग्राहकों ने शुभ मुहूर्त में खरीदारी करने के साथ ही धनतेरस व दिवाली के लिए बुकिंग की।
गुरुवार की सुबह से ही कपड़ा, ऑटो मोबाइल, ज्वैलरी, इलेक्ट्रानिक्स, ऑटो मोबाइल शोरूम पर भीड़ देखने को मिली। इन शोरूम पर भव्य सजावट की गई। बाइक शोरूम पर ग्राहकों के लिए कई ऑफर भी दिए गए हैं। तो वहीं खरीद पर ग्राहकों को छूट भी प्रदान की गई।
व्यापारी नेताओं की मानें तो पहली बार धनतेरस से पहले अच्छी खरीद देखने को मिली है। शहर में गुरुवार का कारोबार दो करोड़ के आसपास रहने की उम्मीद व्यापारियों ने जताई। शहरवासी ही नहीं ग्रामीण क्षेत्र के लोग भी शुभ गुरु पुष्य नक्षत्र में खरीदारी करते दिखाई दिए। इसके चलते जेसीज चौराहा, सराफा बाजार, होमगंज, लेडीज मार्केट, गुरूहाई मार्केट स्थित सभी दुकानों पर भीड़ देखने को मिली।
-
हर बार की तरह इस बार भी बुलेट बाइकों की मांग अधिक देखने को मिली है। अधिकांश युवा वर्गों की यह पहली पसंद बनी है। जिले भर में दीपावली तक 100 से अधिक इन बाइकों के आर्डर हुए हैं।- श्यामू शुक्ला, शोरूम संचालक
पुष्य नक्षत्र में इस बार सोने व चांदी के आभूषणों की अधिक खरीद देखने को मिली है। धनतेरस व दीपावली के लिए आर्डर भी आए हैं। उम्मीद है कि इस बाद दीपावली पर सराफा बाजार में पिछले साल से दो गुना होगा।- मनोज सोनी, सराफा कारोबारी