फफूंद। कस्बा के बाबा का पुर्वा मोहल्ला में एक दिव्यांग नलकूप कर्मी का शव बुधवार रात घर के कमरे में संदिग्ध अवस्था में साड़ी के फंदे पर लटका मिला। परिजनों की नजर पड़ने पर उसे फंदे से उतारा।
फफूंद कस्बा के मोहल्ला बाबा का पुरवा निवासी 38 वर्षीय अनुज यादव दिव्यांग था। पिता सरनाम सिंह की मौत हो जाने के बाद मृतक आश्रित में नलकूप विभाग कार्यालय औरैया में क्लर्क के पद पर तैनात हो गया था। परिजनों के मुताबिक बुधवार की शाम वह ड्यूटी से लौटा तो उसकी घर वालों से कुछ कहासुनी हो गई। जिसके बाद वह अपने कमरे में चला गया। देर रात तक बाहर नहीं निकलने पर मां रामरानी और पत्नी संगीता ने कमरे में जाकर देखा तो वह पंखे में साड़ी से बने फंदे पर झूल रहा था।
घर के लोगों और पड़ोसियों ने उसे फंदे से नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पुलिस भी पहुंच गई और जांच की। थानाध्यक्ष गंगादास गौतम ने बताया कि मृतक के शराब पीने पर हुई गृह कलह में फंदा लगाकर आत्महत्या करने की बात पता चली है। अभी तहरीर नहीं मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति और स्पष्ट हो जाएगी।