औरैया। लॉकडाउन के दौरान जिला प्रशासन की ओर से सब्जी व अन्य जरूरी सामानों की दुकानों को सुबह सात से 10 बजे तक खोलने के आदेश पर मंगलवार को सुबह दुकानें खुलते ही बाजारों में भीड़ उमड़ पड़ी। भीड़ की वजह से सोशल डिस्टेंस की धज्जियां उड़ती दिखीं। इसी बीच डीएम व एसपी ने जिले भर मेें भ्रमण कर लोगों से लॉकडाउन का पालन करने और सोशल डिस्टेंस बनाए रखन की अपील की।
मंगलवार को सुबह सात बजे से ही बाजारों में भारी भीड़ उमड़ी। दुकानों पर सामान खरीदने की होड़ में निश्चित दूरी बनाए रखने की पूरी तरह अनदेखी हुई। शहर के प्रमुख गोशाला रोड पर लगी सब्जी की रेहड़ियों व किराना आदि की दुकानों पर जमकर भीड़ रही। हाल यह रहा कि लोग एक-दूसरे सटकर खड़े नजर आए।
उधर, लॉकडाउन के दौरान मंगलवार को डीएम अभिषेक सिंह व एसपी सुनीति ने जिले भर में भ्रमण किया। इस दौरान अधिकारियों ने सभी से नियमों की अनदेखी न करते हुए अपने-अपने घरों में रहने की अपील की। कहा कि कोरोना से बचाव के लिए सभी लोग अपना व अपनों के लिए नियमों का पालन करें, जिससे सभी लोग सुरक्षित और स्वस्थ रहें।
उधर, अयाना में भी सुबह दुकानें खुलते ही लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। बीहड़ी क्षेत्र अयाना की गैस एजेंसी में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। लाइन में लगकर सभी पर्ची कटाते रहे। सोशल डिस्टेंस कहीं भी दिखाई नहीं दी। यहां तैनात पुलिस कर्मियों ने लाइन तो लगवा दी, पर सोशल डिस्टेंस का ख्याल नहीं रखा। जिससे ग्रामीण एक के पीछे एक कतारबद्ध खड़े नजर आए।