औरैया। मंगलवार को लॉकडाउन खुला तो बाजारों में रौनक दिखी। सुबह से दुकानों पर भीड़ रही। कोई मिठाई की दुकान पर जलेबी लेने पहुंचा तो कोई मोबाइल खरीदता नजर आया। महिलाओं ने जेवर और बर्तन खरीदे। ऑटोपार्ट्स की दुकानों पर भी भीड़ दिखी।
लॉकडाउन खुलते ही सरकारी दफ्तरों से लेकर खान पान की दुकानों में चहल पहल रही। पुलिस प्रशासन लोगों से नियमों का पालन करने की अपील करता नजर आया।
महिलाओं ने की खरीदारी
बाजार खुलते ही युवतियां और महिलाएं खरीदारी करने बाजार जा पहुंची। सड़क किनारे सजी चुनरी की दुकानों पर पहुंचकर रंग-बिरंगी चुनरी खरीदी।
सराफा और बर्तन बाजार में रही रौनक
शादी-विवाह के घर वालों ने सराफ की दुकान पर जाकर आभूषणों की खरीदारी की तो कुछ ने आर्डर दिए। वहीं बर्तनों की दुकानों पर भी भीड़ रही।
कूलर पंखे ठीक कराने पहुंचे लोग
भीषण गर्मी के दौरान लॉकडाउन में कूलर और पंखे का कारोबार भी ठप रहा। ऐसे में मंगलवार को दुकानें खुलते ही लोग कूलर और पंखे लेने पहुंच गए।
सदर तहसील में हुआ काम
सदर तहसील में पूरे दिन काम हुआ। प्लाट, जमीन, घरों की खरीद-फरोख्त करने वालों की भी वकीलों व स्टांप वेंडरों के बस्तों पर भीड़ दिखी।
ठीक कराई बाइक
एक माह से बंद चल रहीं ऑटोमोबाइल की दुकानों पर लोग बाइक ठीक कराते नजर आए। लोगों ने कहा कि लॉकडाउन में बाइक की सर्विसिंग नहीं हो पा रही थी।
कचौड़ी, समोसे व जलेबी का लिया मजा
रेहड़ी पर कचौड़ी, समोसे बेचने वाले सुबह नौ बजे ही पहुंच गए। कचौड़ी वालों की दुकान सजते ही लोगों की भीड़ जमा हो गई। लोगों ने कचौड़ी और समोसे का मजा लिया। वहीं मिठाई की दुकानों पर जलेबी लेने के लिए लोग पहुंचे।