औरैया। विश्व योग दिवस (21 जून) के लिए जिले भर में एक माह पहले से ही तैयारियां शुरू कर दी गईं हैं। इसी क्रम में शनिवार सुबह सात बजे तिलक स्टेडियम में नेहरू युवा केंद्र की ओर से योग शिविर आयोजित हुआ। इसमें डीएम व अन्य अधिकारियों के अलावा कई विद्यालयों के बच्चों ने निरोगी काया के लिए योग किया। इसके अन्य जगहों पर भी शिविर लगाए गए, जिसमें काफी संख्या में लोगों ने सहभागिता की।
शनिवार को मोहल्ला तिलक नगर स्थित तिलक स्टेडियम पर नेहरू युवा केंद्र के तत्वावधान में योग महोत्सव का आयोजन किया गया। डीएम पीसी श्रीवास्तव, सीडीओ अनिल सिंह, एडीएम अब्दुल वासिद समेत अन्य प्रशासनिक अधिकारियों के अलावा शहर के विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। शिविर में योग प्रशिक्षकों ने योग क्रियाओं के गुर सिखाए।
यह भी बताया गया कि योग के माध्यम से लोग किस तरह से अपनी जीवन शैली सुधार सकते हैं। जिलाधिकारी प्रकाश चंद्र श्रीवास्तव ने कहा की सभी को अपने जीवन में योग को स्थान देना चाहिए। सुबह उठने के बाद प्रतिदिन योग करें। जिससे स्वस्थ रह कर पूरे दिन स्फूर्ति के साथ काम करते रहें। डीएम ने कहा कि आज से सभी लोग योग के प्रति जागरूक हो जाएं क्योंकि 21 जून को विश्व योग दिवस मनाया जाएगा।
गांव आनेपुर स्थित माधव हैप्पी ओल्ड एज होम में योग मेला महोत्सव का शुभारंभ जिलाधिकारी पीसी श्रीवास्तव ने किया। इस मौके पर मुख्य विकास अधिकारी अनिल सिंह, खंड विकास अधिकारी, ग्राम विकास अधिकारी व ऑक्सफोर्ड शिक्षा प्रसार संस्थान के निदेशक राजवर्धन शुक्ल मौजूद रहे। इसी अवसर पर योग एक्सपर्ट टीम ने वृद्धों को उनकी उम्र के अनुसार कई आसन व प्राणायाम करवाए। कार्यक्रम में प्रोजेक्ट हेड संकट मोचन, नरेंद्र पाल, हिमांशु मिश्रा, सुशील कुमार, विनोद कुमार दुबे, हरदीप, विमलेश कुमार आदि लोग मौजूद रहे।
योग क्रियाएं करने से शरीर पूरे दिन रहता ऊर्जावान
दिबियापुर। प्रभागीय वनाधिकारी (डीएफओ) कार्यालय परिसर में योग प्रशिक्षक विजय भारती ने वन कर्मियों को योग के गुर सिखाए। प्रभागीय वन अधिकारी वीके सिंह ने कहा कि हम सभी को प्रतिदिन योग करना चाहिए। इससे शरीर स्वस्थ रहता है। इसके साथ ही पूरे दिन शरीर ऊर्जावान भी रहता है। रेंजर मुन्नालाल, रेंजर कोमल सिंह, डिप्टी रेंजर राजकुमार, डिप्टी रेंजर डीएस गौतम समेत कार्यालय के स्टाफ एवं स्कूली बच्चों ने भी कार्यक्रम में प्रतिभाग किया। (संवाद)
तिलक स्टेडियम में योग करते जिलाधिकारी पीसी श्रीवास्तव, सीडीओ अनिल सिंह व अन्य अधिकारी। संवाद- फोटो : AURAIYA