अटसू। क्षेत्र के बिरुहूनी स्थित शंकर बगिया में बुधवार को बुढ़वा मंगल के अवसर पर कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। जिसमें कई जिलों के साथ हरियाणा के पहलवानों ने अपना दमखम दिखाया। औरैया के मनोज ने अपने टंगी दांव के बदौलत प्रतियोगिता की सबसे महंगी कुश्ती अपने नाम की। दंगल का शुभारंभ भाजपा जिलाध्यक्ष भुवन प्रकाश ने फीता काटकर किया।
दंगल में औरैया, कन्नौज,कानपुर देहात, फैजाबाद, जालौन जिले के अलावा मध्यप्रदेश, हरियाणा प्रदेश से आए पहलवानों ने अपनी जुगति से विपक्षी पहलवानों को चित करते हुए मुकाबला जीता। कुश्तियों के रोमांचक मुकाबले देखकर क्षेत्रीय जनता ने आनंद लेते हुए खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। पहली कुश्ती टिंकू पहलवान चकरनगर व धर्मवीर कन्नौज के बीच हुई। जिसमें टिंकू पहलवान विपक्षी पहलवान को चरखा दांव लगा चित कर दिया।
विज्ञापन
सबसे बड़ी व महंगी कुश्ती मनोज औरैया और महिपाल ग्वालियर के बीच हुई। जिसमें मनोज ने टंगी दांव लगाकर विपक्षी खिलाड़ी को चित कर 21 हजार की कुश्ती जीतकर दंगल को हांक दिया। दंगल में निर्णायक की भूमिका मिंटू भदौरिया व शिवकरन ने निभाई। इस दौरान आयोजक पवन ठाकुर फौजी, ब्लाॅक प्रमुख अजीतमल रजनीश पांडेय, रानू भदौरिया,अंकित भदौरिया, मिंटू भदौरिया चांद बाबू के साथ कमेटी के अन्य लोग मौजूद रहे।
-
दंगल में पहलवानों ने दिखाए दांव-पेच औरैया।
अछल्दा क्षेत्र के हनुमान मंदिर गौतला में जिला स्तर के लगभग 50 पहलवानों ने हिस्सा लिया। कमेटी अध्यक्ष शिवनारायण सिंह ने पहलवानों का हाथ मिलवाकर दंगल की शुभारंभ किया। भाऊपुर औरैया से आए पहलवान गोलू यादव ने रोमांचक कुश्ती के दांवपेच दिखाते हुए फाइनल कुश्ती जीतकर पहला स्थान प्राप्त किया। दूसरे स्थान पर भागीरथ यादव निवासी गौतला व तीसरे स्थान पर कंगारू निवासी दिलीपपुर में रहे। कमेटी अध्यक्ष शिवनारायण सिंह, राजेश व मंदिर के महंत सूरदास, खलीफा, कमलेश मुखिया द्वारा जीते हुए पहलवानों को उपहार देकर सम्मानित किया। इस मौके पर क्षेत्र के आसपास के गांवों के भारी भीड़ उपस्थित रही। (संवाद)