अछल्दा। घरेलू कलह के चलते एक युवक घर के अंदर फंदे से लटक गया। शोर सुनकर पहुंचे परिजन ने उसे फंदे से उतारकर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच की और परिजन से पूछताछ की।
थाना क्षेत्र के मोहम्मदाबाद अड्डा निवासी रामू (34) का शनिवार को अपनी पत्नी पूजा से किसी बात को लेकर विवाद हो गया था। बात इतनी बढ़ी कि रामू ने पत्नी की पिटाई कर दी। पीड़िता की तहरीर पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रविवार को आरोपी पति को हिरासत में ले लिया था। हालांकि, रविवार शाम को ही पत्नी पूजा खुद थाने पहुंची और दोनों पक्षों में समझौता होने के बाद वह पति को अपने साथ घर ले आई।
बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर करीब तीन बजे जब पूजा बच्चों के साथ सो रही थी, तभी रामू ने उसे कमरे से बाहर निकाल दिया और दरवाजा अंदर से बंद कर लिया। इसके बाद उसने जीने के कुंडे में रस्सी के फंदे से लटक गया। पत्नी की चीख-पुकार सुनकर दौड़े परिजन ने उसे फंदे से नीचे उतारा और सीएचसी ले गए। वहां से उसे रेफर कर दिया गया।
सूचना पर पहुंचे दरोगा ब्रजेश सिंह ने जांच की और परिजन से घटना के बारे में पूछताछ की। प्रभारी थानाध्यक्ष सुरेश चंद्र ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।