औरैया। शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव भाऊपुर में 11 नवंबर की रात एक मैगी पॉइंट पर युवक पर हमला किया गया। आरोपियों ने दुकान बंद होने के बाद मैगी खिलाने से इन्कार करने पर यह वारदात की। उन्होंने दुकान की गोलक से 2550 रुपये भी लूट लिए और कार से घर का मुख्य गेट तोड़ दिया।
कानपुर-इटावा स्थित आरआरआर होटल के पास रहने वाले विशेष दीक्षित ने कोतवाली पुलिस को घटना की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 11 नवंबर की रात करीब पौने 12 बजे एक कार उनके घर पहुंची। कार सवारों ने घर का दरवाजा पीटना शुरू कर दिया और दुकान खोलकर मैगी खिलाने की मांग की। जब विशेष ने बताया कि दुकान बंद है, तो आरोपियों ने अपनी पहचान कानपुर देहात के गांव सिहुरा निवासी गगन शर्मा और शहर के मोहल्ला सत्तेदश्वर निवासी आर्यन ठाकुर के रूप में बताई। परिचित होने के कारण विशेष ने गेट खोल दिया। गेट खुलते ही आरोपियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने विशेष को पीटना शुरू कर दिया। इस दौरान गगन शर्मा ने जान से मारने की नीयत से विशेष के सिर पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह अचेत होकर गिर पड़े।
विशेष के अचेत होते ही आरोपी जबरन घर के अंदर घुस गए। उन्होंने दुकान की गोलक में रखे 2550 रुपये नकद उठा लिए। जाते समय आरोपियों ने अपनी कार से टक्कर मारकर घर का गेट तोड़ दिया। घर में मौजूद परिजनों के साथ भी उन्होंने अभद्रता की। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।
कोतवाली प्रभारी जितेंद्र कुमार तिवारी ने बताया कि विशेष दीक्षित की तहरीर के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।