औरैया। प्रधान पति पर हमले के मुख्य आरोपी को पुलिस ने रिमांड लिया और उससे इटावा जेल में पूछताछ की। उधर, अन्य आरोपियों ने जमानत के लिए हाईकोर्ट में याचिका डाली है। घटना में आरोपी फरार है। मामले में पुलिस ने 12 नामजद समेत 70 पर रिपोर्ट दर्ज की थी। दो आरोपियों को पुलिस ने पकड़ कर जेल भेजा था जबकि मुख्य आरोपी ने दूसरे मामले में कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। वहां से उसे जेल भेज दिया गया था।
सदर कोतवाली के गांव क्वोंटरा 13 अगस्त को प्रधान मीरा देवी के पति अखिलेश पांडेय पर बाइक सवार बदमाशों ने चुनावी रंजिश में जानलेवा हमला किया था। एक आरोपी ने अखिलेश का कान चबा लिया था। कान चबाने वाले को ग्रामीणों ने मौके पर पकड़ लिया था। बाद में पुलिस ने प्रधान पति की तहरीर पर नामजद समेत 70 के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की। फरार आरोपी की गिरफ्तारी को लेकर दबिश दी। पर पुलिस उसे पकड़ नहीं सकी। यहां तक की स्वाॅट टीम भी लगी रही।
इस बीच मुख्य आरोपी मयंक दुबे की हाईकोर्ट ने जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसकी भनक पड़ने पर मुख्य आरोपी ने पहले से चल रहे एक गंभीर मामले में कोर्ट में सरेंडर कर दिया। वहां से उसे इटावा जेल भेज दिया गया था। बुधवार को मामले की जांच कर रहे इंडियन ऑयल चौकी प्रभारी गणेश गुप्ता ने मुख्य आरोपी मयंक दुबे का रिमांड लेकर इटावा जेल में पूछताछ की। एसएसआई मोहम्मद तौकीर ने बताया कि आरोपी से जेल में पूछताछ की गई है। अन्य आरोपी की तलाश में पुलिस लगी है।