नेताजी एक्सप्रेस ट्रेन से यात्रा करने के लिए प्लेटफार्म पर मौजूद यात्री। संवाद
- फोटो : AURAIYA
दिबियापुर। कोहरे के कारण कई ट्रेनें घंटों देरी से चल रही हैं। बुधवार को कानपुर की ओर जाने वाली डाउन महानंदा एक्सप्रेस रद्द रही। वहीं, अप महानंदा और कालका एक्सप्रेस डेढ़ से दो घंटे देरी से पहुंचीं। ट्रेनों के लेट होने और बसों के न मिलने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ी।
रोडवेज बसों को चुनाव ड्यूटी पर लगाया गया है। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। लंबी दूरी की यात्रा के लिए ट्रेन ही सबसे मुफीद साधन बची है। इस बीच बुधवार को फफूंद रेलवे स्टेशन पर कानपुर की ओर जाने वाली डाउन महानंदा एक्सप्रेस रद्द रही। यह ट्रेन रोजाना कई दिनों से 10 से 12 घंटे देरी से चल रही थी। माना जा रहा है कि गुरुवार से ट्रेन नियमित समय पर आएगी।
महानंदा एक्सप्रेस के रद्द होने के कारण यात्रियों ने टिकट कैंसिल कराए। इधर, कानपुर की मेमू ट्रेन 11 बजकर 11 मिनट पर पहुंची। इसके बाद झींझक, रूरा आदि रेलवे स्टेशन तक पहुंचने के लिए यात्रियों को कोई ट्रेन नहीं मिली। महानंदा के निरस्त होने के बाद 12 बजकर 40 मिनट पर कालका फफूंद स्टेशन पहुंची। कानपुर जाने वाले कई यात्री बेटिकट यात्रा करने के लिए मजबूर हुए।
शाम को डाउन की गोमती एक्सप्रेस पांच बजकर 50 मिनट पर पहुंची। इधर, दिल्ली की ओर जाने वाली अप महानंदा एक्सप्रेस दो बजकर 24 मिनट के स्थान पर तीन बजकर 55 मिनट पर पहुंची। जबकि हावड़ा कालका नेताजी एक्सप्रेस दो बजकर 40 मिनट के स्थान पर दो घंटा देरी से शाम पांच बजे फफूंद पहुंची। स्टेशन अधीक्षक वेद प्रकाश के अनुसार, बुधवार को महानंदा एक्सप्रेस निरस्त रही।
आज एक घंटा देरी से चलेगी कानपुर-टूंडला स्पेशल मेमू
कानपुर से टूंडला जाने वाली 04187 मेमू 10 और 13 फरवरी को देरी से चलेगी। उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी डॉ. शिवम शर्मा ने बताया कि पनकी धाम भाऊपुर खंड में हो रहे निर्माण कार्य के कारण मेमू एक घंटा विलंब से पहुंचेगी।