जिला पंचायत चुनाव कराने के लिए नामित प्रेक्षक विनोद कुमार यदुवंशी ने मंगलवार को जिले भर के निर्वाचन क्षेत्रों का दौरा कर अधिकारियों संग बैठक की। बैठक में प्रेक्षक ने निर्वाचन अधिकारियों जोनल, सेक्टर मजिस्ट्रेटों को चुनावी बारीकियों से प्रशिक्षित करते हुए अति संवेदनशील बूथों पर पैनी निगाह रखने के निर्देश जारी किए।
प्रेक्षक विनोद कुमार यदुवंशी ने शहर के आवास विकास स्थित पुलिस लाइन में निर्वाचन अधिकारियों, जोनल सेक्टर मजिस्ट्रेटो की बैठक ली। उन्होंने सभी थानों के थानाध्यक्षों को अंतिम चरण के पंचायत चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराए जाने के लिए निर्देश दिए। प्रेक्षक विनोद कुमार यदुवंशी ने निर्वाचन अधिकारियों को चुनाव के लिए प्रशिक्षित किया। उन्होंने निर्वाचन अधिकारियों को अति संवेदनशील प्लस बूथों के अलावा, अति संवेदनशील, संवेदनशील और सामान्य बूथों पर भी पैनी निगाह रखने के निर्देश दिए।
सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेटों को प्रेक्षक विनोद कुमार यदुवंशी ने चुनावी प्रक्रिया व मतदान के दौरान बूथ क्षेत्रों का निंरतर भ्रमण करते रहने के निर्देश दिए। बैठक में मौजूद जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव ने निर्वाचन कर्मियों को निर्देशित किया कि मतदान के दौरान गड़बड़ी फैलाने वालों को तत्काल जेल भेज दिया जाए।
एक स्थान पर 4 से अधिक व्यक्तियों के जमावड़े पर त्वरित कार्रवाई की जाए। बैठक में एसपी मनोज तिवारी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि चुनाव में गड़बड़ी फैलाने वालों के विरुद्ध चिन्हिकरण का कार्य लगातार जारी रखा जाए। शांतिभंग करने वालों को बख्शा न जाए। संबंधित थानाध्यक्ष निंरतर भ्रमण पर रहे। विवाद की स्थिति की संभावना भांपते हुए सूचना तत्काल दी जाए। बैठक में एडीएम, एएसपी , सभी एसडीएम व सेक्टर और जोनल मजिस्ट्रेट मौजूद रहे।