अजीतमल(औरैया)। क्षेत्र में अलग-अलग जगह पर छह कोरोना पॉजीटिव मिलने पर लोग दहशत में हैं। सीएचसी से डॉक्टरों की टीम ने क्षेत्र का सर्वे कर संपर्क में आए लोगों के सैंपल लिए। साथ ही मुगलरोड बाजार को बंद करा दिया।
मोहल्ला सिद्धार्थनगर में एक ही परिवार के तीन बच्चो सहित मां की रिपोर्ट कोरोना पॉजीटिव आने के बाद सीएचसी अधीक्षक डॉ. विमल की टीम ने चारों मरीजों को घर में ही आइसोलेट कराया। अन्य परिजनों को दूसरी जगह क्वारंटीन करवाया गया।
एक टीम बनाकर आसपास के 45 घरों का सर्वे कराया गया। पॉजीटिव मिले मरीजों के घर से 100 मीटर की रेंज में पुराने मुगलरोड पर स्थित बाजार को बंद करा दिया गया है। लेकिन आवाजाही पर रोक नहीं लगाई गई है। क्षेत्र के ग्राम जगन्नाथपुर में एक बैंक में काम करने वाले व्यक्ति की कोरोना पॉजीटिव रिपोर्ट आने के बाद उसे घर में ही आइसोलेट कराया गया। 16 लोगों के सैंपल लिए गए। क्षेत्र के मुरादगंज कस्बे में मिले पॉजीटिव व्यक्ति को होम आइसोलेट कराया गया तथा उसके संपर्क में आए तीन लोगों के सैंपल लिए गए।