औरैया। जिले के ऑरेंज जोन में होने के नाते दुकानों के खुलने की अवधि बढ़ाने व अन्य छूट मिलने के बाद बाजारों में खासी भीड़ उमड़ने लगी है। ऐसे में लॉकडाउन का पालन कराने में पुलिस को पसीने छूट रहे हैं। हाल यह है कि ज्यादातर लोग बिना मास्क लगाए घूमते नजर आ रहे हैं। सोशल डिस्टेंस की भी पूरी तरह अनदेखी हो रही है। बुधवार को पुलिस ने सख्ती की और बिना मास्क लगाए निकले 34 लोगों को पकड़ कर कोतवाली पहुंचाया। बाद में चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।
बुधवार को सुबह बाजार खुलते ही शहर की प्रमुख सड़कों पर भीड़ उमड़ पड़ी। दुकानों के सामने मेला-सा नजारा दिखने लगा। सोशल डिस्टेंस की धज्जियां उड़ती दिखीं। यही नहीं अधिकांश लोग बिना मास्क लगाए घूमते दिखे। जिला प्रशासन की समय-समय पर की जा रही अपील के बाद भी लोग लॉकडाउन का पालन करते नजर नहीं आ रहे हैं।
बुधवार को पुलिस ने सख्ती करते हुए बिना मास्क लगाकर पैदल व वाहनों से निकल रहे लोगों की धरपकड़ कर उन्हें कोतवाली पहुंचाया। डेढ़ घंटे रोकने के बाद चेतावनी देकर छोड़ा गया। इस संबंध में कोतवाली पुलिस ने बताया कि बुधवार को 34 लोगों को बिना मास्क लगाए पकड़ा गए। बाद में सभी को चेतावनी देकर छोड़ दिया गया।