औरैया। अपर सत्र न्यायाधीश लल्लू सिंह ने अपहरण एवं लूटपाट के मामले में तीन को उम्रकैद की सजा सुनाई है। साथ ही सवा-सवा लाख जुर्माना भी लगाया है। घटना सात साल पहले कोतवाली क्षेत्र में हुई थी।
जालौन जिले के गोहन थाना क्षेत्र के ईंटो गांव निवासी कृष्ण मुरारी गुप्ता पुत्र राजेंद्र कुमार ने छह अगस्त 2011 को इटावा जिले के बकेवर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें बताया कि कुछ समय पहले उसके मोबाइल पर एक लड़की ने फोन किया। उसने अपना नाम प्रिया बताया। बातचीत कर उससे दोस्ती करने का प्रयास किया। इस पर उसने इनकार कर दिया, लेकिन वह नहीं मानी और आए दिन क ाल करती रही। चार अगस्त 2011 को एक युवक ने खुद को प्रिया का चालक बताते हुए फोन किया और जालौन चौराहे पर मिलने की बात कहीं। इस पर पांच अगस्त को कृष्ण मुरारी अपने बहनोई की बुलेरो से जालौन चौराहे पर पहुंचा। यहां इटावा रोड पर पांच लोग खड़े मिले। इसमें एक व्यक्ति उसके पास आया और खुद को प्रिया का चालक बताते हुए उसे फफूंद चौराहे पर ले गया। वहां इन लोगों ने उसे कोल्ड ड्रिंक पिलाई। वह बेहोश होने लगा तो उसे बोलेरो में लादकर इटावा की ओर निकल गए। इसके बाद उसका हाथ पैर रस्सी से बंाध दिया और पांच सोने की अंगूठी, कलाई का ब्रेस लेट व कान की सोने की बालिया तथा पर्स में रखे छह हजार रुपये व बुलेरो गाड़ी लूट लिया। होश आने पर खुद को बकेवर के पास पाया। बकेवर पुलिस ने अपहरण एवं लूटपाट की रिपोर्ट दर्ज कर मामले की पड़ताल की। इस बीच जालौन के कुठौंद थाना क्षेत्र के बिचौली निवासी भूपेंद्र सिंह, इसी थाना क्षेत्र के अतरछला निवासी राजवीर सिंह एवं औरैया के पढीन दरवाजा निवासी संजीव उर्फ संजू को गिरफ्तार कर लिया। घटनास्थल की शुरुआत औरैया से हुई थी। इस वजह से बाद में यह मामला बकेवर थाने से औरैया कोतवाली स्थानांतरित हो गया। यहां से तत्कालीन विवेचक चंद्रखेर दुबे ने विवेचना कर तीनों आरोपियों के खिलाफ कोर्ट में चार्ज शीट पेश की। एडीजे लल्लू सिंह ने मामले की सुनवाई करते हुए राजवीर सिंह, भूपेंद्र सिंह और संजीव को आजीवन कारावास की सजा सुनाई। साथ ही तीनों पर सवा- सवा लाख का जुर्माना भी लगाया। अभियोजन की ओर से एडीजीसी संजय श्रीवास्तव ने पैरवी की।