जिले में रविवार 13 सितंबर को होने वाली लेखपाल भर्ती परीक्षा की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। परीक्षा नकलविहीन एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जोनल व सेक्टर मजिस्ट्रेटों की टीम गठित कर दी गई है। वहीं 15 परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस फोर्स की भी तैनाती कर दी गई है। शनिवार को केंद्रों पर देर शाम तक तैयारियां चलती रही।
लेखपाल भर्ती परीक्षा को लेकर शनिवार को पूरे दिन तैयारियों पर जोर रहा। नोडल अधिकारी एडीएम एके सिंह ने कर्मचारियों को नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए। शनिवार को परीक्षा केंद्रों पर कक्ष संख्या, रोल नंबर आदि की सूची चस्पा कर दी गई है।
15 केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा में 17123 परीक्षार्थी शामिल होंगे। बताया कि उक्त परीक्षा सुबह 10:30 से 12 बजे तथा दूसरी पाली में दोपहर तीन से सायं 4:30 बजे तक संपादित होगी।
एसपी मनोज तिवारी ने बताया कि परीक्षा में किसी तरह की गड़बड़ी न हो, इसके लिए पर्याप्त पुलिस फोर्स की तैनाती की जाएगी। वह स्वयं परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर परीक्षा में पारदर्शिता रखेंगे। इसके अलावा सेक्टर व जोनल मजिस्टे्रट परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण करते रहेंगे।
:
मोबाइल पर होगी रोक- औरैया। शनिवार को आयोजित होने वाली लेखपाल भर्ती परीक्षा आयोजित कराने के लिए तैयारियां कर ली गई हैं। वहीं परीक्षा कक्ष के अंदर मोबाइल व केलकुलेटर ले जाने पर रोक लगाई गई है।
:
आईडी होगी जरूरी - औरैया। लेखपाल भर्ती परीक्षा में अब परीक्षा केंद्र पर परीक्षार्थी को आईडी लाना जरूरी है। बिना आईडी के परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
अनाधिकृत व्यक्ति के प्रवेश पर रोक- औरैया। लेखपाल भर्ती परीक्षा 2015 में परीक्षा केंद्र के 100 मीटर की परिधि में कोई अनाधिकृत व्यक्ति प्रवेश नहीं पा सकेगा। वहीं परीक्षा में व्यवधान डालने वाले अराजक तत्वों पर भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग वर्जित- परीक्षा केंद्र के आसपास किसी प्रकार के ध्वनि विस्तारक यंत्र का उपयोग वर्जित कर दिया गया है। अभ्यर्थियों के आवागमन की सुविधा को देखते हुए क्षेत्रीय प्रबंधक रोडवेज व सहायक संभागीय अधिकारी के सहयोग से परिवहन की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।