औरैया। शहर के बहुचर्चित दोहरे हत्याकांड मामले में सपा के पूर्व एमएलसी कमलेश पाठक, उनके भाई पूर्व ब्लॉक प्रमुख संतोष पाठक, रामू पाठक समेत 10 आरोपियों के पर आज फैसला आएगा। विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट हत्या, हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के तहत दर्ज इस मुकदमे में अपना निर्णय सुनाएगी।
करीब छह साल पांच माह तक चली लंबी कानूनी प्रक्रिया के दौरान अभियोजन पक्ष ने 32 और बचाव पक्ष ने 39 गवाह अदालत में पेश किए हैं। फैसले के मद्देनजर बुधवार को जिला न्यायालय परिसर में गहमागहमी की संभावना को देखते हुए सुरक्षा के कड़े प्रबंध किए गए हैं। बता दें मोहल्ला नारायणपुर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में दिन दहाड़े 15 मार्च 2020 को मंजुल चौबे और उनकी चचेरी बहन सुधा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। मामले में पुलिस ने 16 मार्च को कमलेश पाठक समेत 10 लोगों को जेल भेजा था। तीनों मामलों में कुल 35 लोगों के खिलाफ निर्णय सुनाया जाएगा।