औरैया। सदर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आवास विकास में चोरों ने दिन दहाड़े एक सूने मकान में छत पर लगे लोहे के जाल को उखाड़ने के बाद नीचे उतरकर कमरे में रखी अलमारी के लॉकर से लाखों रुपये के जेवरात पार कर दिए। घटना के समय शिक्षिका कंप्यूटर सीखने गईं हुई थीं। जानकारी मिलते ही कोतवाली पुलिस व सीओ सिटी के अलावा फोरेंसिक टीम ने घटना स्थल पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
मोहल्ला आवास विकास निवासी शिक्षिका ज्योतिषना पत्नी राकेश शुक्ला अजीतमल तहसील क्षेत्र के ग्राम एलचीनगर में शिक्षिका हैं। सोमवार की दोपहर लगभग दो बजे वह स्कूल से वापस घर पहुुंची। इसके उपरांत वह मोहल्ला गुमटी में संचालित कंप्यूटर सेंटर पर कंप्यूटर सीखने चलीं गईं लेकिन जब वहां से डेढ़ घंटे बाद वापस लौटी तो घर के अंदर पहुंचते ही सारा सामान बिखरा पड़ा मिला। अलमारी का लॉकर टूटा था। छत पर लगा लोहे का जाल खुला पड़ा दिखा। इधर जानकारी मिलते ही प्रभारी कोतवाली इंचार्ज क्राइम इंस्पेक्टर शशांक राजपूत पुलिस बल के साथ घटना स्थल पर पहुंचे। थोड़ी देर बाद सीओ सिटी श्यौदान सिंह ने भी पहुंचकर चोरी की घटना की जानकारी ली। फारेंसिक टीम ने सैंपल लिए। घटना के संबंध में पीड़ित शिक्षिका ने बताया कि कल उन्होंने अपने घर में नल की फिटिंग ठीक कराने को प्लंबर बुलाए थे। आज उनके घर में चोरी की घटना हो गई। बताया कि चोर उनकी अलमारी में रखे लाखों रुपये के जेवरात पार कर ले गए हैं।इस संबंध में सीओ सिटी श्यौदान सिंह ने बताया कि प्रकरण के संबंध में पुलिस सक्रियता से चोरों को पकड़ने में जुट गई है। जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।