फोटो-25एयूआरपी 03 किशोरगंज वार्ड की क्षतिग्रस्त सड़क। संवाद
बिधूना। घरों तक सप्लाई का पानी पहुंचाने के लिए मोहल्लों में भूमिगत पाइप लाइन बिछाई गई थी। जिम्मेदारों ने पाइप डालने के लिए सड़कें खोद डाली।
अब स्थिति है कि यही जिम्मेदार सड़कें दुरुस्त कराना भूल गए। इससे कई स्थानों पर सड़कें धंस गईं। जगह-जगह गड्ढों में जलभराव हो गया।
कस्बे के किशोरगंज वार्ड स्थित शंकर जी मंदिर वाली गली में इंटरलॉकिंग सड़क पाइपलाइन बिछाने के बाद धंस गई। इससे राहगीरों का निकलना मुश्किल है। लोग फिसलकर चुटहिल हो रहे हैं। इसी तरह पुरानी बरधाई स्थित स्कूल के पास की इंटरलॉकिंग सड़क भी पाइपलाइन डालने से धंस चुकी है।
इससे वहां पर वाहनों को निकलने में दुश्वारी होती है। संजय कुमार, छोटे, राजू, रामसेवक व विशाल का कहना है कि जल निगम पाइप लाइन डालने के बाद टूटी-फूटी सड़कों पर ठीक से पैचवर्क नहीं करवा सका। इससे मोहल्लों में जलभराव की स्थिति बन गई है।
नगर पंचायत अध्यक्ष आदर्श कुमार मिश्रा ने बताया कि बारिश में कई सड़कों की स्थिति बिगड़ गई है। जल निगम के अधिकारियों को उन सड़कों की सूची बनाकर जल्द उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि सड़कों की मरम्मत और पैचवर्क की जिम्मेदारी जल निगम की है। जल्द ही इंटरलॉकिंग और आरसीसी सड़कों को दुरुस्त कराया जाएगा।